प्रदेश को नौ तक भिगोएगा अंबर

By: May 4th, 2018 12:20 am

शिमला-मंडी-कुल्लू-चंबा-सिरमौर के एक-दो स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि के आसार

शिमला— हिमाचल प्रदेश में 9 मई तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर  गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि 8 मई को राज्य के शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा और सिरमौर जिला के एक दो स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि की संभावनाएं जताई जा रही हैं। गुरुवार को भी प्रदेश के कई स्थानों पर सुबह के समय बारिश हुई। हालांकि दोपहर बाद से मौसम शुष्क बना रहा। मगर मौसम में आई करवट से प्रदेश के तापमान में फिर से भारी गिरावट आई है। खासतौर पर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम के मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में एक से 10 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई है। भुंतर व कल्पा में सबसे अधिक 10.0 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई है। केलांग में 8.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। जबकि शेष हिमाचल के तापमान में भी बीते रोज के मुकाबले गिरावट आई है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी एक दो डिग्री की गिरावट आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 9 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। शिमला में 23.9,  भुंतर में 21.6, कल्पा में 12.0, धर्मशाला 26.4, ऊना में 37.2, नाहन में 28.0, सोलन में 28.0, कांगड़ा में 2915, बिलासपुर में 34.1, हमीरपुर में 31.4, चंबा में 29.5 और डलहौजी में 17.17 डिग्री सेलिसयस रिकार्ड किया गया।

नादौन में जोरदार बारिश

नादौन में सबसे अधिक 70.0 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा गगल में 46.0, पालमपुर में 42.0, डलहौजी 33.0, जोगिंद्रनगर में 26.0, कसौली में 23.7, धर्मपुर 22.0, केलांग में 13.0 और सुन्नी में 10.0 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अभी लोगोंं को बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं

कई स्थानों पर चला तूफान

बीते बुधवार रात और गुरुवार सुबह के समय प्रदेश के कई स्थानों पर गर्जन के साथ तूफान भी चला। ऊपरी शिमला में तूफान से नुकसान भी हुआ है। चौपाल में तूफान से बागीचों में सेब के पेड़ उखड़ गए और एक दो स्थानों पर मकानों को भी नुकसान की सूचना है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App