मनाली-लेह रोड छह महीने बाद बहाल

By: May 14th, 2018 12:20 am

बर्फ में दबी सड़क पर दौड़ी गाडि़यां, पर्यटन कारोबार को रफ्तार

केलांग – मनाली-लेह मार्ग रविवार को बीआरओ ने यातायात के लिए बहाल कर दिया है। छह महीने से बर्फ में दबी सड़क आखिरकार गाडि़यों की आवाजाही के लिए खोल दी गई है। लिहाजा लाहुल-स्पीति के पर्यटन कारोबार को मनाली-लेह मार्ग के खुलते ही रफ्तार मिल गई है। मनाली-लेह मार्ग की बहाली का जहां पर्यटन करोबारियों को इंतजार रहता है, वहीं चीन की सीमाओं के साथ लगती भारत की सीमाओं में तैनात सेना की भी मार्ग के खुलते ही ताकत और बढ़ जाती है। सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण मनाली लेह मार्ग पर छह महीने के बाद रविवार को यातायात के लिए बहाल हो गया है। इस मार्ग के बहाल होते ही जहां लेह-लद्दाख के लोग कुल्लू-मनाली से जुड़ गए हैं, वहीं लद्दाख में रह रहे सैनिकों के लिए रसद और खाद्य आपूर्ति पहुंचाने में मदद मिलेगी। गौर रहे कि 38 सीमा सड़क संगठन ने मार्च में रोहतांग बहाली का कार्य शुरू किया था और चार अप्रैल को रोहतांग दर्रे पर यातायात बहाल किया था। उसके बाद सीमा सड़क संगठन ने दारचा से सरचु तक यातायात बहाल करने का कार्य आरंभ किया था। 38 सीमा सड़क संगठन के कमांडर एके अवस्थी ने बताया कि पिछले सालों के मुकाबले इस साल तकरीबन तीन सप्ताह पहले मनाली-सरचु सड़क पर यातायात बहाल किया गया है।  बारालाचाला और लांचुला में अभी भी 20 से 25 फुट ऊंची बर्फ  की दीवारें हैं, जिसे काटकर सड़क निकालना कतई आसान काम नहीं था। सीमा सड़क संगठन के जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए शून्य से कम तापमान पर समय से पहले इस मार्ग पर यातायात बहाल कर सराहनीय कार्य किया है। बीआरओ दीपक परियोजना के चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर डीके त्यागी ने भी सरचु तक का दौरा किया और सीमा सड़क संगठन के जवानों को समय से पहले मार्ग बहाली पर बधाई दी। मार्ग 2019 तक डबललेन कर चकाचक किया जाएगा। लेह मार्ग का मनाली से सरचु तक का भाग बीआरओ के दीपक परियोजना के पास रहता है, जबकि सरचु से लेह तक के भाग में बीआरओ की हिमांक परियोजना बर्फ  हटाने के कार्यों को अंजाम देती है।

डबललेन आखिरी पड़ाव पर

श्रीनगर-जोजिला-लेह के बाद मनाली-लेह मार्ग देश का दूसरा ऐसा इकलौता मार्ग है, जो साल के छह माह बंद रहता है। एचआरटीसी के केलांग डिपो के आरएम मंगल चंद मनेपा का कहना है कि निगम भी जल्द ही बस सेवा लेह के लिए शुरू कर देगा। सड़का का जायजा लेने के बाद मनाली-लेह रूट पर एचआरटीसी दौड़ा दी जाएगी। मनाली से करीब 472 किलोमीटर दूरी पर स्थित लेह पहुंचने के लिए फिलहाल 20 घंटे का सफर तय करना पड़ता है। हलांकि इस मार्ग को डबललेन करने का कार्य लगभग अंतिम चरण पर है। सड़क के डबललेन होते ही मनाली से लेह पहुंचने के लिए मात्र 14 घंटे ही लगेंगे। 14 से 18 हजार फुट के दर्रों से होकर गुजरने वाले मनाली-लेह मार्ग को बीआरओ रिकार्ड समय में बहाल किया है। मनाली-लेह मार्ग के बहाल होते ही पुलिस दारचा, सरचु व ग्रांफू काजा रूट पर अस्थायी पुलिस चैकपोस्ट्स पर जवानों की तैनाती करने जा रही है। एसपी राजेश धर्माणी का कहना है कि समर सीजन के लिए प्रशासन ने कुल्लू से पुलिस फोर्स भी मंगवाई है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App