महामहिम रामनाथ कोविंद हिमाचल प्रवास पर

By: May 21st, 2018 12:08 am

दोपहर को पहुंचे शिमला, राजभवन में राज्यपाल सहित कई गणमान्यों संग किया रात्रि भोज

शिमला— महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को हिमाचल प्रवास पर पहुंचे। दोपहर को शिमला पहुंचे राष्ट्रपति शाम के वक्त राजभवन पहुंचे। राष्ट्रपति के लिए यहां राज्यपाल ने रात्रि भोज का आयोजन किया था। शाम सात बजे रिट्रीट से राजभवन के लिए रवाना हुए रामनाथ कोविंद का काफिला 7ः30 बजे राजभवन पहुंचा, जहां  प्रदेश के सभी वीवीआईपी उनके स्वागत को पलकें बिछाए बैठे थे। यहां राष्ट्रपति का रेड कारपेट वेलकम हुआ, जिसके बाद करीब आधा घंटा प्रदेश के सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियां राष्ट्रपति के सम्मान में दी। यहां रामनाथ कोविंद प्रदेश की संस्कृति से रू-ब-रू हुए। अपनी पत्नी संग उन्होंने हिमाचली संस्कृति का लुत्फ उठाया। रात्रि आठ बजे महामहिम ने रात्रि भोज किया, जिसमें हिमाचली व्यंजन उन्हें विशेष तौर पर परोसे गए। पर्यटन विकास  निगम द्वारा उनके लिए विशेष हिमाचली पकवान बनाए गए थे। राज्यपाल द्वारा रखे गए रात्रि भोज में राज्यपाल आचार्य देवव्र्रत के अलावा उनकी धर्मपत्नी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश उच्च न्यायालय के सभी जज, एडवोकेट जनरल, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, सरकार के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव, पुलिस के डीजीपी, ट्रिब्यूनल के चेयरमैन व कुछ अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। रात नौ बजे के करीब राष्ट्रपति अपने काफिले के साथ रिट्रीट को रवाना हुए। उधर, राजभवन तक राष्ट्रपति के काफिले के आने के समय निर्धारित रूट पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था और वाहनों को रूख बदल दिए गए। तीन घंटे से भी ज्यादा समय तक लोगों को इस कारण से कुछ दिक्कतें भी झेलनी पड़ीं। हालांकि आवाजाही के लिए वैकल्पिक रूट खुले थे। वहीं राष्ट्रपति के लिए आयोजित भोज में विशेष पहाड़ी व्यंजन भी परोसे गए। यहां खाने में मौजूद व्यंजनों में पंपकिन सूप विद सौंफ, केसरी सुल्ताना पुलाव, स्टीम्ड बासमती राइस, गुच्छी की नजाकत (हिमाचली विशेष), बीरबली पनीर-छोले, दिलकश कोफता कड़ी, लिंगड़ू दहीवाला, सेपू बड़ी, सिड्डू घी, मंगोरी मटर, भरवां आलू की तरकारी, सब्ज हांडी मिलौनी, कुरकुरी भिंडी, चना मदरा, दाल टिरकी, उल्लपी व बीट रूट रायता, गार्डन फ्रेश, रॉमनस सीजर, स्प्रिंगटाइम, मिसी रोटी, नान, तंदूरी रोटी, लच्छा परांठा, बाथू की खीर, चना पाइश, फ्रेश स्लाइस्ड फ्रूट्स, पन्ना कोटा विद निब्ड आलमंड टूलिप व चॉकलेट विद वनीला आइस क्रीम शामिल थे।

आज नौणी में

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को नौणी विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वह सुबह हेलिकॉप्टर द्वारा नौणी जाएंगे और दोपहर बाद वहां से सीधे रिट्रीट पहुंचेंगे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App