मां चिंतपूर्णी भरेगी संजय के दिल का छेद

By: May 29th, 2018 12:05 am

गगरेट  – विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत अपर गगरेट का 11 वर्षीय संजय कुमार के दिल में छेद है। अति निर्धन परिवार से संबंधित संजय कुमार के परिजन इतने साधन संपन्न भी नहीं कि अपने बेटे का उपचार करवा  सकें। संजय कुमार के साथी जब उछल कूद करते हैं तो उसका दिल भी करता है कि साथियों के साथ वह भी खेले लेकिन बीमारी की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाता लेकिन भगवान सबके लिए अच्छा ही सोचते हैं। संकट की इस घड़ी में मां चिंतपूर्णी ने संजय को ममता भरा स्पर्श दिया है। माध्यम विधायक राजेश ठाकुर बने हैं। उनके प्रयास से संजय के उपचार के लिए मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की ओर से एक लाख रुपए मंजूर हुए हैं। यही नहीं बल्कि किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रस्त ग्राम पंचायत गुगलैहड़ के जैमल सिंह का भी अब उपचार हो पाएगा। जैमल सिंह के उपचार के लिए भी मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की ओर से पौने दो  लाख रुपए की राशि मंजूर हुई है। गरीबी में कई परिवार ऐसे हैं जो अपने पारिवारिक सदस्यों को गंभीर बीमारी से तिल-तिल मरता तो देख रहे हैं लेकिन लाचार इतने की चाह कर भी उनका उपचार नहीं करवा पा रहे हैं। ग्राम पंचायत अप्पर गगरेट का संजय कुमार पुत्र ज्ञान चंद भी उनमें से एक था। दिल में छेद होने की वजह से यह छेद निरंतर बढ़ रहा है लेकिन उपचार करवाने के लिए धन उपलब्ध न होने के कारण मां-बाप चाह कर भी अपने आंख के तारे का उपचार नहीं करवा पा रहे थे। अपनी फरियाद लेकर ज्ञान चंद जब विधायक राजेश ठाकुर के पास पहुंचा तो उन्होंने यह मामला एसडीएम सुनील वर्मा के समक्ष रखा। एसडीएम सुनील वर्मा ने ज्ञान चंद को बेटे के उपचार के लिए पीजीआई से एस्टीमेट लाने की सलाह दी और वहां से एस्टीमेट आने के बाद मां चिंतपूर्णी संजय कुमार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई। मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की ओर से संजय के उपचार के लिए एक लाख रुपए मंजूर हो गए। ग्राम पंचायत गुगलैहड़ के अति निर्धन परिवार से संबंधित जैमल भी धन के अभाव में अपना उपचार नहीं करवा पा रहा था लेकिन अब उसके उपचार के लिए भी मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट की ओर से पौने दो लाख रुपए मंजूर हुए हैं। सोमवार को विधायक राजेश ठाकुर स्वयं सहायता चैक लेकर जब इन परिवारों के पास पहुंचे तो उनकी खुशी क ठिकाना नहीं था। विधायक राजेश ठाकुर ने मां चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट का आभार प्रकट करते हुए कहा कि गरीब व असहाय लोगों के लिए मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट किसी वरदान से कम नहीं है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App