लोकसभा चुनावों को भाजपा-कांग्रेस में जोड़-तोड़

By: May 17th, 2018 12:05 am

सुजानपुर  —लोकसभा चुनावों से पहले सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी और दूसरी तरफ विपक्षी कांग्रेस पार्टी जोड़-तोड़ की राजनीति पर उतर आई है। जोड़-तोड़ की राजनीति में कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी छोड़कर एक-दूसरी पार्टी में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सप्ताह पहले सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा की अगवाई में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 15 भाजपा कार्यकर्ता पूर्व एससी मोर्चा उपाध्यक्ष जोगिंद्र ठाकुर की अगवाई में भाजपा पार्टी को छोड़ राजेंद्र राणा की अगवाई में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। उसी पर पलटवार करते हुए सुजानपुर भाजपा ने मंगलवार को सुजानपुर क्षेत्र के आधा दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कर लिया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की अगवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ता विधिवत रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी में शामिल होने पर सभी का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर दो के पार्षद दीप कुमार, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र धीमान और अन्य शामिल हुए। दीप कुमार राजेंद्र राणा खेमे से सुजानपुर नगर परिषद के चुनाव में मैदान में उतरे थे और उन्हें जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस के साथ वफादारी निभाते हुए उन्होंने नगर परिषद बनने के समय कांग्रेस समर्थित प्रधान उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया था। दूसरी और ब्लॉक कांग्रेस पूर्व प्रवक्ता भूपेंद्र धीमान, अनीता वर्मा के खास माने जाते हैं। उनकी पत्नी वर्तमान में सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर सात से कांग्रेस पार्टी से वार्ड पार्षद हैं। दीप कुमार के भाजपा में शामिल होने के बाद नगर परिषद सुजानपुर में भाजपा समर्थित पार्षदों की संख्या छह हो गई है, जबकि कांग्रेस पार्षद तीन की संख्या में रह गए हैं। आने वाले दिनों में बचे हुए कांग्रेसी पार्षद पार्टी में रहते हैं या नहीं यह तो देखने वाली बात होगी। वर्तमान में छह वार्ड पार्षदों के साथ तीन मनोनीत वार्ड पार्षद सहित नौ पार्षदों का नगर परिषद सुजानपुर पर कब्जा हुआ है। शामिल हुए वार्ड पार्षद दीप कुमार ने बताया कि भाजपा पार्टी में वापसी करके गर्व महसूस हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शामिल हुए कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनावों की तैयारियों और पार्टी प्रचार-प्रसार में तेजी लाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य बीना चंदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, पवन, रमेश, मंडल अध्यक्ष कैप्टन रणजीत सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App