हक मारे … तो शिकायत करें

By: May 19th, 2018 12:05 am

 बनीखेत —राज्य महिला आयोग की ओर से शुक्रवार को कस्बे स्थित सामुदायिक भवन में एकदिवसीय महिला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। डा. डेजी ठाकुर ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी आपका व्यक्तिगत या सामूहिक अधिकारों का हनन हो या किन्ही कारणों से आपको समान अधिकारों से वंचित रखा जा रहा हो तो आपको यह मामला संबंधित विभाग से उठाना चाहिए। भेदभाव के कारण न्याय न मिलने की स्थिति में फौजदारी मामले में संबंधित शिकायत पुलिस में कर सकते हैं। और शिकायत की प्राथमिकी रिपोर्ट की प्रति अवश्य ले लें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। डेजी ठाकुर ने कहा कि लड़का लड़की को एक समान शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। और माताओं को बच्चों के भेदभाव के बिना एक समान शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार प्रदान करने चाहिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपनी सोच बदलनी चाहिए और अपने बच्चों को ऐसी शिक्षा प्रदान करें कि वे महिलाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि महिला आयोग द्वारा जिला में और जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, ताकि महिलाएं और अधिक अपने अधिकारों से जागरूक हो सके। उन्होंने कहा कि आज देश में लड़कियां आगे बढ़ रही हैं, जोकि हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने पुरुषों से भी आह्वान किया कि वह भी नारियों का सम्मान करें। शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने- अपने विभाग से संबंधित जानकारी दी गई। महिला आयोग की सदस्य इंदू बाला ने भी महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी गई। डा. पुनीत पराशर ने कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. कुलदीप बरवाल ने पौष्टिक आहार पर व्याख्यान दिए। उपनिदेशक कृषि विभाग चंबा और सीडीपीओ नीलम धीमान ने अपने विभाग से संबंधित महिलाओं के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर तहसीलदार डलहौजी बलदेव सरोआ के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा काफी तादाद में महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App