अफसरों की वजह से अवैध निर्माण

By: Jun 28th, 2018 12:04 am

सांसद शांता कुमार बोले, सरकारी अधिकारियों को भी मिले सजा

पालमपुर— सांसद शांता कुमार ने कहा है कि हिमाचल में सैकड़ों होटल सील किए जा रहे हैं या गिराए जा रहे हैं। अपने ही हाथों अपने होटल गिरते देख लोगों के दिल पर क्या बीत रहा होगी। यह देख किसी की भी आंखें भर आती हैं, परंतु फिर ख्याल आता है कि अपराध भी तो उन्होंने ही किया है, जिसकी उन्हें सजा मिल रही है। उन्होंने यह अपराध लालच में आकर किया, परंतु अवैध निर्माण का यह अपराध सरकारी अधिकारियों के भ्रष्टाचार के कारण हुआ। इन्हें तो सजा मिल रही है, परंतु अपराध करने वाले अधिकारियों को कोई नहीं पूछ रहा है। प्रदेश के पर्यटन को गहरा धक्का लग रहा है और हिमाचल की बदनामी हो रही है। शांता कुमार ने सरकार से आग्रह किया है कि ऐसा कानून बनाया जाए। सरकारी संपत्ति में जहां अवैध कब्जा हो या अवैध निर्माण हो तो सबसे पहले वहां के उस सरकारी अधिकारी को सख्त सजा हो, जिसकी मिलीभगत से यह अपराध हुआ। आज कुछ भ्रष्ट लोग सरकारी संपत्ति को लूट का माल समझ कर लूटते रहते है और भ्रष्ट अधिकारी उनको लुटने देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों उन सरकारी अधिकारियों की पहचान की जाए, जिनके कार्यकाल में अवैध निर्माण हुए। उन्होंने भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपए की संपत्ति बनाई होगी। उसे सरकार जब्त करे और उसका एक हिस्सा इन लोगों को दे, जिनके अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। अपराध तो दोनों ने किया है, इसलिए सजा भी दोनों को मिलनी चाहिए। शांता कुमार ने कहा कि सरकार नियम और कानून से चलती है। उन्होंने न्यायपालिका को बधाई दी और धन्यवाद किया है कि वह इस प्रकार के बढ़ते भ्रष्टाचार पर रोक लगा रही है। यदि निष्पक्ष न्यायपालिका न हो तो इस प्रकार के भ्रष्ट तत्व सरकार की संपत्ति को हड़प करने में कोई कसर नहीं रखेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App