आरोपी महिला का पति भी अरेस्ट

By: Jun 19th, 2018 12:05 am

 चंबा —शहर के न्यू बस अड्डा परिसर में गत रोज एक किलो 294 ग्राम चरस समेत गिरफ्तार महिला के पति को भी पुलिस ने तस्करी के मामले में संलिप्तता के चलते गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया गया है। सोमवार दोपहर बाद आरोपी पति- पत्नी को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों को दोबारा बीस जून को अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वे चरस की खेप अपने पति के कहने पर लेकर चंबा आई थी।  चंबा से चरस की खेप को आगे उसके पति ने लेकर जाना था। पुलिस ने मामले मे तत्परता से कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही महिला के पति विकी वासी गांव भलुईं पोस्ट आफिस लेसुईं को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पति के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।  पुलिस सूत्रों की मानें तो चरस खेप सहित गिरफ्तार भीखू ने कुछ अरसा पहले ही विकी के साथ दूसरी शादी की थी। सूत्रों ने बताया कि गत रोज भीखू अपने पति विकी के साथ चरस की खेप लेकर चंबा को रवाना हुई थी। महिला के इस खुलासे के बाद विकी को भी पुलिस ने मामले में नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया।  उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका ने चरस तस्करी के मामले में महिला के साथ उसके पति की गिरफ्तारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी दंपति से चरस खेप की खरीद- फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App