उपचुनाव में भाजपा को झटका

By: Jun 1st, 2018 12:08 am

दो लोकसभा सीटें गंवाई, 11 विधानसभा सीटों में से भगवा दल को केवल एक पर जीत

नई दिल्ली— देशभर की चार लोकसभा और 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे जहां संयुक्त विपक्ष के लिए राहत और ताकत का संदेश लेकर आए हैं, तो भाजपा के लिए खतरे की घंटी भी बजा रहे हैं। लोकसभा की चार सीटों पर उपचुनाव में भाजपा ने दो सीटें गंवा दी हैं। यूपी की कैराना सीट पर भाजपा की हार केंद्र सरकार को बड़ा झटका है। यहां आरएलडी के बैनर पर संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार से भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। इसी तरह महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया सीट पर एनसीपी ने भाजपा को धूल चटाई। यहां कांग्रेस ने एनसीपी को समर्थन दे रखा था। हालांकि इन झटकों के बीच पश्चिम बंगाल में भाजपा की हार में भी पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत छिपे हुए हैं, क्योंकि यहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही है। यूपी उपचुनावों में भाजपा को दोहरा झटका लगा है। कैराना लोकसभा सीट गंवाने के साथ भाजपा के हाथ से नूरपुर विधानसभा सीट भी निकल गई है। कैराना में भाजपा कैंडिडेट मृगांका सिंह को आरएलडी की तबस्सुम ने करीब पचास हजार मतों के भारी अंतर से हराया। गोरखपुर, फूलपुर के बाद कैराना वह तीसरा लोकसभा उपचुनाव है, जहां संयुक्त विपक्ष के आगे भाजपा पस्त हो गई है। ऐसे में 2019 के आम चुनावों में भी अगर यह ट्रेंड चला तो भाजपा के लिए राह कठिन हो जाएगी। उधर, बिहार में राजद ने जदयू को जोकिहाट सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव में 41224 वोटों से हराया। जदयू विधायक सरफराज आलम के इस्तीफा देने के चलते इस सीट पर उपचुनाव हुआ था। जोकिहाट में हार से ब्रांड नीतीश पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि नीतीश सरकार ने इस सीट को बचाने में पूरा जोर लगा दिया था। उधर, यह जीत राजद में तेजस्वी के कद को मजबूत करेगी। इसी तरह महाराष्ट्र में उपचुनावों के परिणाम भी भाजपा के लिए झटका ही लेकर आए हैं। यहां भंडारा-गोंदिया सीट पर एनसीपी उम्मीदवार मधुकर कुकड़े ने भाजपा कैंडिडेट को हराया। पालघर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने शिवसेना को हरा तो दिया है, लेकिन यहां भी उसे अच्छी फाइट का सामना करना पड़ा है। पलूस काडेगांव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को निर्विरोध जीत मिली है। झारखंड में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जेएमएम को जीत मिली है। पंजाब में कैप्टन अमरेंदर की कांग्रेस सरकार ने अकाली दल से सीट छीन एनडीए को एक और झटका दिया है। शाहकोट सीट पर 38 हजार वोटों से कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। उधर, मेघालय की राजनीति एक बार फिर करवट बदलते दिख रही है। यहां अंपाती सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मुकुल संगमा की बेटी मियानी डी शिरा ने 3191 वोटों से जीत दर्ज की। मियानी ने सत्तारूढ़ मेघायल डेमोक्रेटिक गठबंधन के क्लेमेंट जी मोमिन को हराया है। इस जीत के बाद कांग्रेस मेघालय की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। 60 विधानसभा सदस्यों वाली विधानसभा में अब कांग्रेस के पास 21 विधायक हो गए हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन में एनपीपी के पास 20 विधायक हैं। हालांकि उत्तराखंड में थराली विधानसभा सीट बचाए रखने में भाजपा कामयाब रही है। पश्चिम बंगाल में महेशताला विधानसभा सीट से तृणमूल के दुलाल दास ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में भाजपा दूसरे स्थान पर रही है। तृणमूल ने भाजपा को 60 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया है, लेकिन सूबे में खुद को मजबूत करने में जुटी भाजपा लेफ्ट और कांग्रेस को धकेल दूसरे नंबर पर काबिज होते दिख रही है। इस सीट पर भी ऐसे ही संकेत मिले हैं। उधर, चेंगनूर विधानसभा उपचुनाव में सीपीएम उम्मीदवार ने 20956 वोटों से जीत दर्ज की है। इस बार यूडीएफ ने डी विजयकुमार को प्रत्याशी बनाया था, जबकि एलडीएफ ने साजी चेरियन को मैदान में उतारा था। यानी केरल में अभी लेफ्ट का जलवा कायम दिख रहा है।

जदयू ने दे डाली आखिरी चेतावनी

जोकिहाट विधानसभा सीट पर उपचुनाव में राजद के शाहनवाज आलम ने जदयू के मुर्शीद आलम को हरा दिया है। इस हार को राजनीतिक आलोचक नीतीश कुमार की हार के तौर पर देख रहे है। हार से तिलमिलाए जदयू महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमत में वृद्धि के चलते देश भर में गुस्सा है। ईंधन की कीमत में निरंतर वृद्धि के कारण ही चुनाव परिणामों में जदयू की हार हुई है। त्यागी ने आगे कहा कि इस वृद्धि को तुरंत वापस ले लिया जाना चाहिए, अन्यथा ऐसे परिणाम आते रहेंगे।

भाजपा को दोस्तों की परवाह नहीं

मुंबई — पालघर लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने कहा है कि भाजपा को अब दोस्त की जरूरत नहीं है। चार सालों में भाजपा ने लोकसभा में बहुमत गंवा दिया है।  उन्होंने ईवीएम में आई दिक्कतों को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ भी करप्ट सिस्टम के लिए केस दर्ज होने चाहिए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App