ऊना में सांसद स्टार खेल महाकुंभ शुरू

By: Jun 12th, 2018 12:10 am

ऊना —ऊना जिला के ऊना विकास खंड का सांसद स्टार खेल महाकुंभ का आगाज सोमवार को इंदिरा गांधी खेल परिसर ऊना से हुआ। सांसद स्टार खेल महाकुंभ का आयोजन सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा पूरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसमें 19 विकास खंडों की लगभग 900 पंचायतों के लगभग एक लाख खिलाड़ी कबड्डी, वालीबाल, बास्केटबाल, फुटबाल, क्रिकेट व एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जबकि ऊना ब्लॉक से 103 टीमों के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाएंगे। सांसद स्टार खेल महाकुंभ के ऊना ब्लॉक का शुभारंभ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी विशाल भारद्वाज ने भी बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि ग्र्रामीण परिवेश से जुडे़ खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से पूरे संसदीय क्षेत्र में सांसद स्टार खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऊना ब्लॉक में अगले कुछ दिनों में विभिन्न स्थानों पर यह प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने खिलाडि़यों से पूरे अनुशासन में रहकर विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।  सतपाल सत्ती ने कहा कि, जहां लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए से ऊना में हॉकी का एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का निर्माण किया गया था तो वहीं इंडोर स्टेडियम की स्थापना कर खिलाडि़यों को विभिन्न खेलों की सुविधाएं मुहैया करवाई गई थीं। इसके अलावा स्वीमिंग पूल का भी निर्माण किया गया था तथा वर्तमान में लगभग 17 लाख रुपए की लागत से इसके जीर्णोद्धार कार्य को पूरा कर लिया गया है तथा जल्द ही स्वीमिंग सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंदिरा खेल मैदान के विस्तरीकरण की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा, ताकि, जहां अन्य खेलों की सुविधा खिलाडि़यों को मिल सके तो वहीं एक ही समय में विभिन्न खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जा सकें। उन्होंने कहा कि ऊना ने देश को दीपक ठाकुर, चरणजीत सिंह, विशाल भारद्वाज जैसे अनेक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होने प्रदेश व जिला का नाम पूरी दुनिया में चमकाया है। उन्होंने ऊना में चल रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से ऊना में बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें सभी अत्याधुनिक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध होंगी।  उन्होंने कहा कि ऊना में लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत से पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर स्थापित होने जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित होंगी। इसके अलावा 20 करोड़ रुपए की लागत से मदर-चाइल्ड अस्पताल भी स्वीकृत हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में नए कलस्टर विश्वविद्यालय की स्थापना होने पर इसे ऊना में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलस्टर विवि की स्थापना को ऊना कालेज के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होने कहा कि आगामी 25, 26 व 27 जून को ऊना में डयूबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित होने जा रही है। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी विशाल भारद्वाज ने भी अपने विचार रखे। इससे पहले मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर खेल महाकुंभ का शुभांरभ किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया तथा हिमाचल को खेल प्रदेश बनाने में सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों पर एक वीडियो फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इस बीच मुख्यातिथि ने रॉयल फुटबाल क्लब ऊना व रूद्रा इंटरनेशनल बसाल के बीच आयोजित फुटबाल प्रदर्शनी मैच को भी देखा। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा व अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी विशाल भारद्वाज के अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, यशपाल राणा, ऊना ब्लॉक खेल महाकुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष अमृत लाल भारद्वाज, समन्वयक सुमित शर्मा, रमन सहोड, खामोश जैतिक, अरविंद बॉबी, सागर दत्त, डिंपल ठाकुर, अजय चौधरी, हरदयाल, ऊना भाजपा मंडलाध्यक्ष रमेश भडोलियां, मदन पुरी, सुरेश मान, प्रेम ठाकुर, अजन सोनी, बलराम बबलू, लखबीर लक्खी, सोम दत्त, सागर दत्त, अश्विनी शर्मा, अशोक धीमान, तिलक राज सैणी, संतोष सैणी, राकेश सैणी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App