एक नजर

By: Jun 12th, 2018 12:00 am

आत्मघाती हमला 13 की जान गई

काबुल — अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को आत्मघाती हमले में 13 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काबुल के पश्चिमी भाग में स्थित ग्रामीण विकास मंत्रालय भवन के प्रवेशद्वार के सामने यह हमला हुआ।

एयर इंडिया के प्लेन की आपात लैंडिंग

मंगलूर — मुंबई जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति में यहां उतारा गया। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को हुए इस घटनाक्रम के बाद संबंधित अधिकारी तकनीकी खराबी की जांच और सुधार कार्य कर रहे हैं।

अमरीकी लड़ाकू विमान क्रैश

टोक्यो —  जापान के दक्षिणी तट के नजदीक अमरीका का एफ-15 लड़ाकू विमान सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार पायलट विमान में से निकलने में कामयाब रहा और जापानी बलों ने उसे बचा लिया। रक्षा मंत्रालय ने तत्काल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि नहीं की है और कहा कि इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में पायलट के पैर की हड्डी टूट गई है।

मतभेद दूर करेंगे इथियोपिया-मिस्र

काहिरा — इथियोपिया और मिस्र के नेताओं ने नील नदी पर बांध के निर्माण को लेकर अपने मतभेदों को दूर करने की बात कही है। इथियोपिया की चार अरब डालर की लागत वाली ग्रैंड रेनेसंस डैम नामक जलविद्युत परियोजना पर वार्ता कई महीनों के लिए ठंडे बस्ते में पड़ी रही, लेकिन काहिरा में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सीसी ने संकेत दिया है कि उन्होंने इस मुद्दे से जुड़े मतभेदों का हल निकाल लिया है।

जॉर्डन को सहायता देंगे खाड़ी देश

दुबई — सऊदी अरब, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने जॉर्डन को 2.5 अरब अमरीकी डालर की सहायता राशि देने का वचन दिया है। खाड़ी देशों की ओर से सोमवार को एक संयुक्त वक्तव्य जारी कर इस बात की घोषणा की गई। इस आर्थिक मदद में जॉर्डन के केंद्रीय बैंक में जमा, विश्व बैंक की गारंटी, वार्षिक बजट समर्थन और विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

पिंस हैरी मार्कल संग जाएंगे आस्ट्रेलिया

लंदन — ब्रिटेन के पिंरस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल इस वर्ष आस्ट्रेलिया, फिजी, टोंगा और न्यूजीलैंड की यात्रा करेंगे। उसी दौरान सिडनी में इन्विक्टस खेलों का आयोजन होगा। केंसिंग्टन पैलेस ने एक वक्तव्य जारी कर सोमवार को इस बात की जानकारी दी। पिंरस हैरी ने घायल, बीमार और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के लिए 2014 में एक खेल प्रतियोगिता की शुरुआत की थी। खेलों का आयोजन सिडनी में 20-27 अक्तूबर के बीच होगा।

असम में भूकंप के झटके

गुवाहाटी — असम में सोमवार को मध्यम स्तर के भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 10:23 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 मापी गई और इसका केंद्र असम के धींग में रहा। राजधानी गुवाहाटी में भूकंप का झटका महसूस होने पर अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर निकल आए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App