कांग्रेस उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने भाजपा पर साधा निशाना

By: Jun 23rd, 2018 12:05 am

राजगढ़ —केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल रही है। प्रधानमंत्री और भाजपा नेताओं के भाषण अब जुमले साबित हो गए हैं। सबसे बड़ा धोखा भाजपा ने लोगों की भावनाओं से खेलकर किया है। देशहित की बातें कर देश के सैनिकों के परिवारों की आंखों में सिर्फ आंसू दिए। एक के बदले 10 सिर लाने का वादा करने वालों के शासन में आज तक भारतीय सेना के सबसे अधिक सैनिक जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी और पकिस्तान सेना के हमलों में शहीद हुए हैं। केंद्र सरकार सिर्फ लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है। यह बात कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने पार्टी बैठक के दौरान कही। उन्होंने हिमाचल सरकार को भी घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार  सिर्फ तबादलों में व्यस्त है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद रिकार्ड तबादले हुए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी विभागों में पद खाली हुए पड़े हैं। सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। कांग्रेस कार्यकाल में आरंभ हुए कार्यों को बंद किया जा रहा है। आलम यह है कि न तो योजनाएं आरंभ हो रही हैं और न ही पुराने तैयार कार्यों का जन समर्पण किया जा रहा है। पच्छाद में गिरि पुल बने छह माह का समय हो गया है, लेकिन अभी तक उसका उद्घाटन नहीं हो सका है। हैंडपंप जनहित में न लगाकर चहेतों के यहां लगाए जा रहे हैं। राजगढ़ में दो हैंडपंप पहले से लगे हैंडपंपों से मात्र 50 मीटर की दूरी पर लगाकर सरकारी पैसों को दुरुपयोग किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव और पच्छाद प्रभारी संजय भंडारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत हाब्बी, जिला परिषद सदस्या शकुंतला प्रकश, दुर्गा सिंह, सुंदर सिंह, राजकुमार, विवेक शर्मा, सेवादल मुख्य संगठक हरदेव सिंह, रत्न हाब्बी, दिनेश आर्य, सोहन सिंह वर्मा, बलबीर सिंह, जीवन सिंह, रमेश चंद सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App