कोठी सड़क पर दौड़ी एचआरटीसी की बस

By: Jun 12th, 2018 12:09 am

पांगी —विधायक जियालाल कपूर ने सोमवार को करयूनी पंचायत के कोठी गांव के लिए एक करोड़ चौदह लाख की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग पर एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक ने हुडान में कितवास संपर्क मार्ग की आधारशिला रखने के बाद 72 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सराय भवन का नींव पत्थर भी रखा। उन्होंने थांदल गांव में 80 लाख की लागत से बनने वाले छह किलोमीटर लंबे मार्ग का भूमिपूजन भी किया। इसके बाद विधायक जिया लाल कपूर ने जनसंपर्क अभियान के तहत हुडान, फिंडरू, करयूनी व रेई पंचायत में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही लोगों की समस्याओं के हल के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में पांगी घाटी में विकास की एक नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पांगी में पूर्व कांग्रेस सरकार की तरह विकास शिलान्यासों तक नहीं सिमटेगा। भाजपा कार्यकाल में आरंभ हुए विकास कार्यों को मूर्तरूप भी प्रदान किया जाएगा। विधायक जियालाल कपूर ने करयूनी पंचायत में खेल मैदान व महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर आरसी पांगी चमन लाल शर्मा, एसडीएम डा. सुरेंद्र ठाकुर, टीएसी मेंबर कल्याण सिंह ठाकुर, तुरप चंद, पूर्व टीएसी मेंबर भानी चंद ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन योगराज शर्मा व मंडलाध्यक्ष ध्यान चंद के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधियों समेत काफी तादाद में स्थानीय लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App