ठलोग में मकान जला

By: Jun 25th, 2018 12:02 am

शॉर्ट सर्किट से लगी आग; लाखों का नुकसान, सामान भी राख

चौपाल — क्षेत्र की ग्राम पंचायत ननाहर के ठलोग गांव में रविवार सुबह अचानक आग लगने से एक मकान जल कर राख हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह साढ़े दस बजे ठलोग गांववासी लखविंद्र पुत्र पद्म सिंह के घर में अचानक आग लग गई। इससे दो मंजिला लकड़ी का मकान जल कर राख हो गया। इसमें कुल चार कमरे थे। जानकारी के अनुसार अचानक लगी आग से लखविंद्र की जिंदगी भर की जमा पूंजी अग्नि की भेंट चढ़ गई। लखविंद्र सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे लगी आग में उनकी पत्नी के गहने, नकदी और सामान राख हो गया। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन घर का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। देखते ही देखते सब कुछ स्वाह हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मकान लकड़ी का बना था, जिसके कारण आग ने उसे जल्द ही अपने आगोश में ले लिया लिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की। अंबर को छूती अग्नि की लपटों के आगे वे बेबस हो गए। नतीजतन लखविंद्र के घर से वे कुछ भी सामान बचाने में नाकाम रहे। आगजनी में दस लाख से अधिक का नुकसान होने का अंदेशा है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन और पुलिस के जवान समय रहते मौके पर पंहुच गए। अग्निशमन व ग्रामीणों की मदद से लखविंद्र के भाई रणवीर सिंह के घर को बचा लिया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव रजनीश किमटा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सीमा मेहता ने आगजनी पर दुख प्रकट किया है। विधायक चौपाल वर्मा ने कहा कि प्रभावित व्यक्ति की हर संभव सहायता की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App