डलहौजी फुल…चंबा में कट रहीं रातें

By: Jun 18th, 2018 12:05 am

 डलहौजी —मैदानी इलाकों में गर्मी की तपिश से छुटकारा पाकर दो सुकनू के  पलबिताने के लिए आ रहे सैलानियों के कारण डलहौजी  गुलजार हो गई है। डलहौजी का सुहावना मौसम भी पर्यटकों को रास आ रहा है। वीकेंड पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़ के कारण शहर के तमाम होटल व लॉज पूरी तरह से पैक हैं। डलहौजी में होटल व लॉज न मिलने से लोग रात काटने के लिए चंबा का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से शहर के कारोबार में भी रंगत आ गई है। जानकारी के अनुसार जून महीने में पर्यटक नगरी डलहौजी में रोजाना पर्यटकों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। पर्यटकों की आवाजाही से आजकल डलहौजी के तमाम टूरिस्ट डेस्टिनेशन जैम पैक हो गए हैं। दिन भर विभिन्न पर्यटक स्थलों पंचपूला, कालाटोप व खजियार में पर्यटकों का खासा हुजूम देखने को मिल रहा है, जबकि शाम होते ही पर्यटक गांधी चौक व सुभाष चौक में टहलने का आनंद ले रहे हैं। डलहौजी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर रखना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है। रविवार को भी डलहौजी में पर्यटकों की बढ़ी आमद के चलते पुलिस को यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के लिए खूब पसीना बहाना पड़ा। बहरहाल, डलहौजी में पर्यटकों की आवाजाही से वादियों के गुलजार होने से होटल व लॉज मालिकों की बांछें खिल गई हैं।  वहीं मंदी की मार से मुरझाए कारोबारियों के चेहरे शहर में सैलानी देख खिल गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App