प्रदेश को 12 तक भिगोएगा अंबर

By: Jun 7th, 2018 12:20 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत

शिमला — राजधानी शिमला में बुधवार को दोपहर बाद कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। ताजा बारिश और मौसम के बदलाव से शिमला के मौसम में ठंडक महसूस की गई। वहीं प्रदेश भर में अभी एक हफ्ते  तक इंद्र देवता अपनी मेहरबानी इसी तरह दिखाएंगे। मौसम के बदलाव से मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गर्मी से भी लोगों को राहत मिल रही है। जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। हिमाचल में मौसम में लगातार आ रहे बदलाव से किसानों-बागबानों ने भी राहत की सांस ली है।  बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री कम रहा और अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री कम रहा।   केलांग का न्यूनतम तापमान 14.4, व सबसे अधिक उच्चतम तापमान ऊना में 36.0 डिग्री दर्ज किया गया। सोलन जिले में सबसे ज्यादा 69 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के मैदानी मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 12 जून तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान गर्जन के साथ भारी बारिश के आसार हैं।    शिमला का अधिकतम तापमान 25.4, सुंदरनगर 34.7, भुंतर 34.6, कल्पा 22.0, धर्मशाला 30.4, ऊना 36.0, नाहन 31.1, केलांग 25.0, सोलन 28.6, कांगड़ा 35.3, बिलासपुर 35.4, हमीरपुर 35.4, चंबा 34.1, डलहौजी में 22.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।  मौसम विभाग के अनुसार  सोलन में रिकार्ड बारिश दर्ज की है। सोलन में 69 मिलीमीटर  बारिश रिकार्ड की गई। बहरहाल बारिश होने से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App