बरसात देख कांपा चंबा

By: Jun 30th, 2018 12:11 am

पहली बारिश में ही लग गई चार करोड़ की करारी चपत, पीडब्ल्यूडी के छूटे पसीने

चंबा -मानसून की पहली ही बारिश ने लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल को चार करोड़ की करारी चपत लगा दी है। बारिश के कारण जगह-जगह भू-स्खलन व पत्थर गिरने से शुक्रवार को करीब आठ संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी व फील्ड स्टाफ  के सहयोग से दोपहर बाद इन मार्गों को खोल दिया,पर बरसात के तेवरों ने चंबा को डरा कर रख दिया है। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग के राठघार के समीप बहे हिस्से का नए सिरे से निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। लोक निर्माण विभाग ने बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट कंपाइल करके उच्चाधिकारियों को भेज दी है। बजट जारी होते ही बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए युद्धस्तर पर काम छेड़ दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को भी मूसलाधार बारिश का क्रम जारी रहा। बारिश के कारण भू-स्खलन व पत्थर गिरने से चंबा-साहो, परेल- कोहलड़ी, जांघी- लिल्ह, चंबा- सिढ़कुंड, चंबा-जोत, चंबा-जुम्महार, लुडडू- घरमानी, चंबा-पनेला व घूम-जंजला मार्ग पर जगह- जगह भू-स्खलन से शुक्रवार सवेरे गाडि़यों की आवाजाही ठप रही, जिस कारण स्कूली छात्रों व कर्मचारियों सहित रोजमर्रा के काम के लिए मुख्यालय आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन चढते ही लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों व फील्ड स्टाफ  के सहयोग से बंद मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ कर दिया। दोपहर बाद करीब-करीब सभी मार्गों को आवाजाही के लिए खोलने में सफलता भी हासिल कर ली। चंबा-तीसा मार्ग को देर रात तक गाडि़यों की आवाजाही के लिए खुलने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App