बिना पंजीकरण नहीं मिलेगा लाभ

By: Jun 29th, 2018 12:02 am

श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैणी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

पंचकूला— हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैणी ने भवन निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों से आह्वान किया है कि वे विभाग द्वारा दो से 31 जुलाई तक चलाए जाने वाले पंजीकरण अभियान में अपना पंजीकरण करवाएं और विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। श्री सैणी ने यह जानकारी  सेक्टर चार स्थित मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस अभियान के तहत वे स्वयं भी विभाग के अधिकारियों के साथ श्रमिकों का पंजीकरण करवाने के लिए विभिन्न शहरों के लेबर चौंक पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत दूसरे चरण में निर्माण स्थल पर श्रमिकों का पंजीकरण करवाया जाएगा और तीसरे चरण में गांवों में निर्माण स्थलों का दौरा कर श्रमिकों का पंजीकरण किया जाएगा। सैणी ने बताया कि श्रमिकों को 10 रुपए में सस्ता खाना उपलब्ध करवाने के लिए रिआयती कैंटीन सोनीपत, गुरुग्राम, यमुनानगर, फरीदाबाद व हिसार में शुरू की गई है। अब पंचकूला, अंबाला, पानीपत, करनाल तथा भिवानी में जल्द ही ऐसी कैंटीनें आरंभ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में लगभग 10-12 लाख श्रमिक काम करते हैं, लेकिन अब तक लगभग 7.5 लाख निर्माण श्रमिक ही बोर्ड द्वारा पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें से केवल 4,65,000 श्रमिकों की सदस्यता जारी हैं। इससे स्पष्ट है कि अभी भी इस वर्ग का एक बहुत बड़ा हिस्सा पंजीकृत न होने की वजह से बोर्ड द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपना-अपना पंजीकरण करवाने को कहा ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी श्रमिकों से इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App