मनाली-लेह रोड पर गिरा ग्लेशियर

By: Jun 12th, 2018 12:15 am

जिंगजिंगबार के पास मलबा गिरने से तीन किलोमीटर सड़क धंसी, दबे दो बाइकर्ज सुरक्षित निकाले

केलांग— ग्लेशियर गिरने से मनाली-लेह मार्ग पर जिंगजिंगबार के पास सोमवार सुबह ग्लेशियर का मलबा आ गिरा, जिसने करीब तीन किलोमीटर सड़क तहस-नहस कर दी। ग्लेशियर के मलबे की चपेट में दो बाइकर्ज भी आ गए हैं, जिन्हें कड़ी मश्क्कत कर मलबे से बाहर निकाला गया। यही नहीं, एचआरटीसी की दो बसें भी यात्रियों समेत सड़क पर फंसी हुई हैं। प्रशासन को जैसे ही इस घटना का पता चला लाहुल-स्पीति प्रशासन की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। घटना के बाद लाहुल पुलिस ने लेह जा रहे सैलानियों को जहां दारचा चैकपोस्ट पर रोक दिया है, वहीं जिंगजिंगबार में बीआरओ ने मोर्चा संभाल लिया। बीआरओ के अधिकारियों ने मलबा हटाने के लिए मशीनें घटनास्थल पर भेज दी हैं। मनाली-लेह मार्ग पर फंसे सैकड़ों सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान भी चला दिया है। प्रशासन का कहना है कि जिस समय ग्लेशियर का मलबा जिंगजिंगबार के सीमप गिरा, उस समय बाइकर्ज का एक दल यहां से लेह की तरफ जा रहा था। मलबा इतनी रफ्तार से आया कि इसकी चपेट में दो बाइकर्ज आ गए। पंजाब की बाइक्स में सवार इन सैलाननियों की पहचान अजय व मोनी के रूप में हुई है। सोमवार देर शाम तक मनाली-लेह मार्ग बहाल नहीं हो सका था। जिस स्थान पर ग्लेशियर का मलबा आया है, उस जगह पर टेलीफोन नेटवर्क न हो पाने के कारण कितने सैलानी वाहनों समेत फंसे हैं, इसका सही आंकड़ा पता नहीं चल सका है। यहां बता दें कि इन दिनों समर सीजन पीक पर चल रहा है और मनाली-लेह सड़क पर रोजाना हजारों सैलानी मनाली से लेह के लिए जा रहे हैं।

दारचा में रोके जा रहे सैलानी

डीएसपी केलांग हरीश शर्मा का कहना है कि दारचा में ही लेह जाने वाले सैलानियों को रोका जा रहा है। जब तक सड़क यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाती, तब तक किसी को भी आगे जाने नहीं दिया जाएगा।

दो एचआरटीसी बसें फंसी

केलांग डिपो के आरएम मंगलचंद मनेपा का कहना है कि मार्ग पर एचआरटीसी की दो बसें यात्रियों समेत फंस गई हैं। सड़क पर ग्लेशियर का इतना ज्यादा मलबा आया है कि फिलहाल यात्रियों को बसों में ट्रांसमिट भी नहीं किया जा सकता।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App