राजधानी में बारिश बनी संजीवनी

By: Jun 3rd, 2018 12:05 am

शहर को मिला पांच एमएलडी अतिरिक्त पानी, गिरि में बोरवेल को जोड़ने की तैयारी

शिमला  – शुक्रवार को आसमान से बरसी राहत की फुहारें पेयजल संकट से जूझ रही राजधानी शिमला की पेयजल परियोजनाओं के लिए वरदान बनी है। बारिश का ही असर है कि शनिवार को नगर निगम को पेयजल परियोजनाओं से पांच एमएलडी के करीब अतिरिक्त पानी मिला है। शनिवार को शहर की सात परियोजनाओं से 28.47 एमएलडी पानी नगर निगम को प्राप्त हुआ है। इस पानी की सप्लाई को नगर निगम ने अपने तय शेड्यूल के मुताबिक सभी क्षेत्रों में दिया है। शुक्रवार को जहां शहर में 23-55 एमएलडी पानी की सप्लाई की गई थी। वहीं, शनिवार को इसमें 4.92 एमएलडी की बढ़ोतरी देखने को मिली। बारिश से सभी पेयजल परियोजनाओं में दो से तीन एमएलडी पानी की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को नगर निगम शिमला द्वारा भराड़ी, रूल्दू भट्टा, कैथू, अनाडेल, समरहिल, टुटू और मज्याट, बालूगंज और कच्चीघाटी, टूटीकंडी, कनलोग सहित नाभा, फागली में पानी की सप्लाई दोपहर बाद की गई। इन सभी क्षेत्रों में परियोजनाओं से प्राप्त कुल 28.47 एमएलडी पानी सप्लाई किया गया। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में शुक्रवार को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई थी वहां भी टैंकरों द्वारा पानी की सप्लाई नगर निगम प्रशासन की ओर से मुहैया करवाई गई। गिरी नदी में भी जल स्तर को बढ़ाने के लिए बोरवेल का निर्माण पूरा कर दिया गया है। अब इसे परियोजना से जोड़ा जा रहा है जिससे की गिरी में भी जल स्तर को बढ़ाया जा सके।

आज इन क्षेत्रों में होगी सप्लाई

शहर में तीन जोन में बांट कर पानी के लिए तय शैड्यूल के मुताबिक रविवार को कृष्णानगर, लोअर बाजार, राम बाजार, जाखू, बैनमोर, इंजन घर, संजौली चौक, ढली व मशोबरा, भट्टाकुफर, शांति बिहार, मल्याणा और सांगटी में पानी की सप्लाई दी जाएगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App