सिक्किम के पर्यटन को लय देंगे एआर रहमान

By: Jun 27th, 2018 12:10 am

अल्लाह रक्खा रहमान लोकप्रिय रूप से एआर रहमान भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध संगीतकार हैं, जिन्होंने मुख्य रूप से हिंदी और तमिल फिल्मों में संगीत दिया है। इनका जन्म 6 जनवरी, 1967 को चेन्नई, तमिलनाडु  में हुआ। जन्मतः उनका नाम अरुणाचल शेखर दिलीप कुमार मुदलियार रखा गया। धर्मपरिवर्तन के पश्चात उन्होंने अल्लाह रक्खा रहमान नाम धारण किया। एआर रहमान उसी का संक्षिप्त रूप है। रहमान ने अपनी मातृभाषा तमिल के अतिरिक्त हिंदी तथा कई अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी संगीत दिया है। टाइम्स पत्रिका ने उन्हें मोजार्ट ऑफ  मद्रास की उपाधि दी। रहमान गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय व्यक्ति हैं। रहमान ऐसे पहले भारतीय हैं, जिन्हें ब्रिटिश भारतीय फिल्म स्लम डॉग मिलेनियर में उनके संगीत के लिए दो ऑस्कर पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इसी फिल्म के गीत जय हो के लिए सर्वश्रेष्ठ साउंडट्रैक कंपाइलेशन और सर्वश्रेष्ठ फिल्मी गीत की श्रेणी में दो ग्रैमी पुरस्कार भी मिले। रहमान को संगीत अपने पिता से विरासत में मिला है। उनके पिता राजगोपाल कुलशेखर (आरके शेखर) मलयालम फिल्मों में संगीतकार थे। रहमान ने संगीत की शिक्षा मास्टर धनराज से प्राप्त की। मात्र 11 वर्ष की उम्र में अपने बचपन के मित्र शिवमणि के साथ रहमान बैंड रुट्स के लिए की-बोर्ड (सिंथेसाइजर) बजाने का कार्य करते थे। वे इलैयराजा के बैंड के लिए भी काम करते थे। चेन्नई के ‘नेमेसिस एवेन्यू’ बैंड की स्थापना का श्रेय रहमान को ही जाता है। वे की-बोर्ड, पियानो, हारमोनियम और गिटार भी बजा लेते है। वे सिंथेसाइजर को कला और टेक्नोलॉजी का अद्भुत संगम मानते हैं। रहमान जब नौ साल के थे तब उनके पिता की मृत्यु हो गई थी और परिस्थितियां इतनी बिगड़ गई कि पैसों के लिए घरवालों को रहमान के पिता के वाद्य यंत्रों को भी बेचना पड़ा। इसी बीच उनके परिवार ने इस्लाम धर्म अपनाया। बैंड ग्रुप में काम करते हुए ही उन्हें लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ  म्यूजिक से स्कॉलरशिप भी मिली, जहां से उन्होंने पश्चिमी शास्त्रीय संगीत में डिग्री प्राप्त की। अब एआर रहमान को  सिक्किम सरकार ने पर्यटन का ब्रांड एंबेसेडर नियुक्त किया है। मुख्य सचिव एके श्रीवास्तव  की और से अधिसूचना में बताया गया है कि रहमान राज्य  की उपलब्धियों का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार करेंगे। वह एक वर्ष के लिए सिक्किम सरकार के ब्रांड एंबेसेडर नियुक्त किए गए हैं। बीते दो दशक में सिक्किम विश्व प्रसिद्ध ईकोटूरिज्म स्थल के रूप में उभरा है। एंबेसेडर होने के नाते रहमान समय-समय पर सिक्किम आते रहेंगे और राज्य को प्रोमोट करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App