हिमाचल की मदद करेंगे नार्वे, सीरिया

By: Jun 28th, 2018 12:04 am

पर्यटन के साथ कृषि; मत्स्य में भी मिलेगा सहयोग, दोनो देशों के राजदूतों से बैठक

शिमला— कई क्षेत्रों में विकास में सहयोग देने के लिए नार्वे और सीरिया हिमाचल की मदद करेंगे। इन देशों के राजदूतों के साथ बुधवार को शिमला में एक अहम बैठक हुई, जिसमें विस्तार से अहम मसलों पर चर्चा की गई।  बैठक का मुख्य उद्देश्य इन देशों के साथ तकनीकी जानकारी का आदान-प्रदान और राज्य के विशिष्ट हितों को बढ़ावा देना था। मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में व्यवसायिक कृषि और इसके उत्पादन में वृद्धि तथा कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए इन दोनों देशों के विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी महत्त्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सेब राज्य के रूप में जाना जाता है और अब यह कट फ्लावर राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हिमाचल में पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं और प्रदेश सरकार राज्य में बुनियादी पर्यटन ढांचे, रज्जु मार्ग, साहसिक पर्यटन, नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास और आदर्श पर्यटन गांवों आदि की स्थापना के लिए सहयोग चाहती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 66.56 लाख पर्यटकों की ईको टूरिज्म क्षमता है। प्रदेश 31 ईको सर्किट के विकास और 1000 करोड़ प्रति हब की लागत से पांच ईको टूरिज्म साइट के विकास के लिए निवेश में सहयोग चाहता है। प्रदेश में ट्राउट मछली उत्पादन देश में सर्वाधिक है जो 12765 मीट्रिक टन है। इसका मूल्य 158 करोड़ रुपए है। हिमाचल नार्वे के साथ पहले से ही मछली उत्पादन क्षेत्र में कार्य कर रहा है और कुल्लू जिला के पतलीकूहल ट्राउट फार्म में ‘इंडो-नार्वेजियन ट्राउट फार्मिंग प्रोजेक्ट’ कार्यशील है। इस तरह की परियोजनाएं नार्वे के सहयोग से प्रदेश के अन्य भागों में भी स्थापित की जा सकती हैं। नार्वे में भारत के राजदूत कृष्ण कुमार ने कहा कि नार्वे ऊर्जा नवीकरणीय, पर्यटन, साहसिक पर्यटन, स्की-रिजार्ट्स, नागरिक उड्डयन, सुरंग निर्माण और रज्जु मार्ग के क्षेत्र में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि नार्वे के विशेषज्ञों की सहायता से इन क्षेत्रों को विकसित किया जा सकता है। सीरिया में भारत के राजदूत मनमोहन भनोट ने कहा कि सीरिया की खाद्य प्रसंस्करण, कृषि शोध जैसे मशरूम, आयुर्वेदिक उत्पाद और अर्द्ध कौशल कामगार क्षेत्रों में मजबूत क्षमता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App