25 हजार से ज्यादा भक्तों ने किए भोले के दर्शन

By: Jun 8th, 2018 12:10 am

पांवटा साहिब—उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में शामिल चूड़ेश्वर महाराज की यात्रा आजकल चरम पर है। करीब पांच-छह राज्यों के भोले के भक्त रोजाना सैकड़ों की तादाद मंे चूड़धार पहुंचकर चूड़ेश्वर महाराज के पवित्र शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर श्रद्धालु एनएच-707 बद्रीपुर-गुम्मा होते हुए चूड़धार पहुंच रहे हैं।  मई महीने की 14 तारीख से शुरू हुई इस यात्रा को अभी तक करीब 22 से 25 हजार श्रद्धालु पूरा कर चुके हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर भारत की यह प्रसिद्ध यात्रा वैसे तो आधिकारिक तौर पर मई से शुरू होती है, लेकिन इस बार बर्फ के जल्दी पिघलने के कारण कई यात्री एक महीना पूर्व ही अप्रैल से यह यात्रा करने लगे थे। चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी के मुताबिक रोजाना सैकड़ों की तादाद मंे भोले के भक्त चूड़धार पहुंच रहे हंै। इसमें 1200 से 1500 यात्री रोजाना चूड़धार पहुंच रहे हैं। पूर्णिमा, एकादशी और वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को प्रतिदिन यह संख्या बढ़ जाती है। हजारों की संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं। इन भक्तों के रात्रि ठहराव व भोजन की विशेष व्यवस्था भी समिति की ओर से ही की जाती है। चूड़ेश्वर सेवा समिति की सराय में करीब तीन हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था है, जबकि मंदिर समिति की दो सराय में भी 1500 से अधिक यात्री रूक सकते हैं। इस बार चूड़धार में भक्तों के लिए लंगर की व्यवस्था कफोटा और मस्तभोज यूनिट द्वारा की जा रही है। अब उक्त धार्मिक स्थल पर पानी की समस्या दूर हो चुकी है, लेकिन बिजली के बार-बार कट लगने से दिक्कतें आ रही हंै। शिलाई क्षेत्र से कुछ भक्त हर साल पैदल भी इस यात्रा को करते हैं, लेकिन निगम के बसों की सुविधा न होने के कारण ज्यादातर भक्त निजी छोटे वाहनों में ही यात्रा करते हैं। इस बार भी क्षेत्र की मांग के बावजूद परिवहन निगम ने यात्रा के लिए कोई स्पेशल बसें नहीं लगाई हैं। यह यात्रा नवंबर माह की एकादशी तक चलती रहती है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार भक्तों का आंकड़ा पिछली बार के 60 हजार को पार कर सकता है। समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी के सहसचिव रति राम रंगवाल ने बताया कि समिति द्वारा भी आरएम निगम सिरमौर को नाहन से सराहां व शिलाई से सराहां निगम की बस सेवा लगाने का आग्रह किया गया था, लेकिन अभी तक बसें नहीं लगी हैं जो खेदजनक है। आरएम सिरमौर परिवहन निगम रशीद शेख ने बताया कि समिति की मांग को उच्चाधिकारियों को भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।समिति का कहना है कि वीकेंड पर चूड़धार पहुंचने वाले भक्तों की तादाद में अचानक ही इजाफा हो जाता है, जिस कारण व्यवस्था बनाने में समय लगता है। समिति ने भक्तों से आह्वान किया है कि वीकेंड पर जो भी भक्त चूड़धार आना चाहते हैं वो रात नौ बजे तक यहां पहुंचकर समिति से संपर्क कर लें, ताकि उनके ठहराव व भोजन की व्यवस्था की जा सके। समिति का कहना है कि रात को नौ बजे के बाद समिति सदस्य व सेवादार भोजन आदि व्यवस्था में लग जाते हैं, जिस कारण रात को देरी से आने वाले भक्तों के लिए व्यवस्था बनाने में दिक्कत आती है। इसलिए जो भी वीकेंड पर यात्रा पर आएं वो रात नौ बजे तक चूड़धार पहुंच जाएं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App