फिर चला रोनाल्डो का जादू

By: Jun 21st, 2018 12:06 am

विश्वकप में पुर्तगाल ने 1-0 से हराया मोरक्को, नॉकआउट की उम्मीदें कायम

मॉस्को— फीफा फुटबाल विश्वकप 2018 के ग्रुप-बी के मैच में पुर्तगाल ने मोरक्को को 1-0 से हरा दिया है। पुर्तगाल की ओर से कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मैच के चौथे मिनट में ही गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी, जो आखिर तक कायम रही। मोरक्को की टीम ने काफी कोशिशें कीं, लेकिन वह गोल नहीं कर पाई। रोनाल्डो का इस विश्वकप में यह चौथा गोल था। स्पेन के खिलाफ टीम के पहले मुकाबले में उन्होंने तिकड़ी लगाकर अपनी टीम के लिए मुकाबला ड्रा किया था। कुल मिलाकर देखा जाए तो पुर्तगाल के लिए अभी तक इस विश्वकप में सिर्फ रोनाल्डो ने ही गोल किए हैं। पुर्तगाल की इस विश्वकप में यह पहली जीत है। उन्हें अपने पिछले मैच में स्पेन के साथ 3-3 से ड्रा खेला था। अब उसके दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और वह राउंड ऑफ-16 में पहुंचने के करीब पहुंच गई है। उसका अगला मैच 25 जून को ईरान से होगा। मोरक्को की दो मैचों में यह लगातार दूसरी हार है। 15 जून को खेले गए अपने पहले मुकाबले में उसे ईरान के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। उसका अगला मैच 25 जून को स्पेन के खिलाफ होगा। हार के बाद मोरक्को के लिए अगले राउंड में पहुंचने की संभावनाएं काफी कम हो गई हैं।

क्रिस्टियानो ने की फेरेंक पुसकास की बराबरी

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जैसे ही जोआओ मोतिनहो के दाएं ओर से मिले पास को हैडर से गोल पोस्ट में डाला। उन्होंने यूरोपियन फुटबाल में इतिहास बना दिया। पुर्तगाल के लिए उनके 85वें गोल ने उन्हें हंगरी के महान खिलाड़ी फेरेंक पुसकास की बराबरी पर ला दिया। फेरेंक भी किसी यूरोपीय राष्ट्रीय टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। ईरान के अली दाई ही अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में रोनाल्डो से आगे हैं। दाई ने ईरान के लिए 109 गोल किए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App