पांच राज्यों में बारिश से 465 की मौतें

By: Jul 29th, 2018 12:02 am

नई दिल्ली — इस साल मानसून सीजन में बाढ़, बारिश और बिजली गिरने से जुड़ी घटनाओं में अब तक पांच राज्यों में 465 लोगों की मौत हो गई। गृह मंत्रालय के एनईआरसी केंद्र से जारी आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 138 मौतें हुईं। उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिन में 58 लोगों ने जान गंवा दी। राज्य में गुरुवार से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार तक राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में शनिवार को तीन लाख 11 हजार 190 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। महाराष्ट्र के 26, बंगाल के 22, असम के 21, केरल के 14 और गुजरात के 10 जिलों में बाढ़ की स्थिति है। असम में बाढ़ से लगभग 10 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से दो लाख से ज्यादा लोग अभी भी राहत शिविरों में रह रहे हैं। वहीं, बंगाल में एक लाख 60 हजार, केरल में एक लाख 40 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने 11 जिलों फैजाबाद, बस्ती, गोरखपुर, संतकबीरनगर, इलाहाबाद, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, रायबरेली और फर्रुखाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राहत आयुक्त संजय कुमार ने गुरुवार को बताया कि पिछले दो दिन में भारी बारिश की वजह से 148 मकानों को नुकसान पहुंचा। इनमें से ज्यादातर गिर गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App