पांवटा अस्पताल में नहीं हो रहे डिजिटल एक्स-रे

By: Jul 1st, 2018 12:05 am

पांवटा साहिब —रोजाना 700 ओपीडी वाले उपमंडल पांवटा के एकमात्र सिविल अस्पताल पांवटा में अभी तक भी डिजिटल एक्स-रे मशीन नहीं है। डिजिटल एक्स-रे अस्पताल में न होने के कारण रोजाना सैकड़ों मरीजों को डिजिटल एक्स-रे के लिए निजी लैब का रुख कर अधिक धन खर्च करना पड़ रहा है। मरीजों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाए जाने की मांग विभाग से की है। जानकारी के मुताबिक पांवटा सिविल अस्पताल, जहां जिला की चार विधानसभाओं का केंद्र है, वहीं यहां पर पड़ोसी राज्य उत्तराखंड और हरियाणा के पांवटा की सीमा से सटे गांवों से भी मरीज उपचार करवाने आते हैं। यहां पर रोजाना शिलाई, रेणुकाजी, नाहन विधानसभा के लोग तो उपचार करवाने आते ही हैं। साथ ही पांवटा की जनता का भी यह एकमात्र सरकारी उपचार का अस्पताल है। यहां पर रोजाना लगभग 600 से 700 ओपीडी दर्ज होती है, जिसमें 100 से 150 मरीज रोजाना अस्थि रोग के होते हैं। यहां पर साधारण एक्स-रे तो होते हैं, लेकिन डिजिटल एक्स-रे की सुविधा से यह अस्पताल अभी भी अछूता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अस्थि रोग के अधिकतर मरीजों को चिकित्सक द्वारा डिजिटल एक्स-रे की सलाह दी जाती है। अस्पताल में यह सुविधा न होने के कारण मजबूरन मरीजों को निजी लैब में जाकर डिजिटल एक्स-रे करवाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें अधिक राशि भी खर्च करनी पड़ती है। स्थानीय बुद्धिजीवियों का कहना है कि पांवटा सिविल अस्पताल का बड़ा भवन तो खड़ा कर दिया है, लेकिन इसमें सुविधाओं का अभाव है। डिजिटल एक्स-रे की सुविधा न होने पर मरीजों को निजी क्लीनिकों की लैब में लुटना पड़ रहा है। उधर, इस बारे में अस्पताल के प्रभारी डा. संजीव सहगल ने बताया कि उन्होंने अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की मांग विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजी है। उम्मीद है अस्पताल में यह सुविधा जल्द उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने माना कि अस्पताल में यह सुविधा न होने के कारण रोजाना दर्जनों मरीजों को बाहर से यह एक्स-रे करने पड़ते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App