भाई बहन का झगड़ा

By: Jul 1st, 2018 12:05 am

भाई -बहन में छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होना आम बात होती है। अच्छा हो कि आप इस प्रकार के झगड़े को समय रहते सही तरीके से सुलझा लें। अन्यथा आगे चलकर यही झगड़ा दोनों के बीच बड़े मतभेद पैदा कर देता है। अकसर देखा जाता है कि बच्चों के झगड़ों के बीच माता-पिता सिर्फ  एक रैफरी बनकर रह जाते हैं। इससे न सिर्फ  माता-पिता की ऊर्जा खत्म होती है बल्कि वे तनाव में भी आ जाते हैं। उनको कई बार ऐसा भी लगता है कि कहीं बच्चों के सामने हमारी छवि खराब तो नहीं हो रही है। यदि आपको अपने बच्चों के बीच के झगड़ों को खत्म करना है तब आप उनको सही तरीके सिखाएं। आपका काम बच्चों को सही रास्ते पर लाना है इसलिए आपको ही कुछ सही तरीके खोजने होंगे। हम एक दूसरे की खासियत लिखवाएं आप अपने बच्चों से एक पेपर पर एक दूसरे की खासियतों को लिखने को कह सकती हैं। इस कार्य से एक बच्चा जब यह जानेगा कि दूसरा उसके बारे में कितनी अच्छी सोच रखता है, तो वह खुद ही अपने अंदर दूसरे के प्रति द्वेष की भावना को खत्म कर देगा। यह बहुत ही कारगर तरीका है।

एक दूसरे की मदद के बारे में बताएं

जब बच्चे एक दूसरे की शिकायत आपसे करें तो उनकी बातें जरूर सुनें परंतु उनको आप यह भी बताएं कि किन- किन कार्यों में एक बच्चे ने दूसरे की मदद की है। चाहे वह मदद होमवर्क करने की हो या खेलने में हो। कुल मिलाकर आप बच्चों को यह समझाएं कि वे एक-दूसरे के साथ में ही सही हैं और उनको एक- दूसरे के साथ ही रहना होगा। अतः झगड़ा करके नहीं बल्कि खुशी से एक- दूसरे के साथ रहें।

पक्षपात कभी न करें

देखने में आता है कि कभी-कभी माता-पिता बड़े बच्चे से ही चुप रहने की अपेक्षा करते हैं। वे कहते हैं ‘तुम बड़े हो इसलिए तुमको समझना चाहिए था। वास्तव में ऐसा नही करना चाहिए। आपको अपने बच्चे की उम्र के हिसाब से ही उसको समझना चाहिए तथा इस बात का ध्यान रखना चाहिए की गलती किसकी है। जिस किसी की गलती हो उसी को आप समझाएं न की बड़ी उम्र वाले को।

झगड़ा खत्म करने के बारे में समझाएं

बड़े लोगों को अपने बच्चों को यह समझाना होगा कि झगड़ा खत्म करने से ही फायदा होता है। अतः झगड़ा खत्म करने के बारे में ही सोचना चाहिए न कि उसको बढ़ाने के बारे में। आपको अपने बच्चों से चीख- चिल्लाकर नहीं बल्कि आराम से बात करनी चाहिए। उनको प्यार से हर बात समझानी चाहिए। यही भाई- बहन के बीच का झगड़ा खत्म करने के टिप्स हैं। अन्य टिप्स आप खुद खोजें तथा उनका यूज करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App