मकलोडगंज में धर्मांतरण से हड़कंप

By: Jul 8th, 2018 12:05 am

धर्मशाला —पर्यटन नगरी मकलोडगंज धर्मशाला में धर्मांतरण का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है। देशी व विदेशी महिला-पुरुषों द्वारा मिलकर चलाई जा रही गतिविधियों का मामला ‘दिव्य हिमाचल’ द्वारा सामने लाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। हालांकि यह पिछले लंबे समय से पर्यटन की आड़ में मकलोडगंज में ऐसी गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन इस मामले पर खुलकर बोलने के लिए कोई तैयार नहीं था। धर्मशाला के ही एक उच्च शैक्षणिक संस्थान के युवाओं द्वारा इस मामले पर आप बीती सुनाने के बाद कई परतें  खुलने लगी हैं। इस तरह की गतिविधियां देवभूमि में कहां-कहां चल रही हैं और कौन लोग इन गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं इस बात  के कई खुलासे हो रहे हैं। देवभूमि में पर्यटक बनकर धर्म परिवर्तन का षड्यंत्र रचने वालों की खुलासा होने के बाद मामला गरमा गया है। हिंदु संगठन जहां व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। यहां पहुंचे बाहरी लोगों सहित स्थानीय स्तर पर चल रही गतिविधियों  पर भी खुलकर चर्चा हो रही है। उच्च शैक्षणिक संस्थान के छात्रों द्वारा मामला सार्वजनिक करने के बाद संबंधित लोगों  ने अपना ठिकाना बदल लिया है। दूसरे दिन वह सामने नहीं आए, लेकिन ऐसी प्रत्येक हरकत को कैद करने के लिए प्रयास चल रहे हैं। युवक एवं युवतियों द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए स्थानीय लोगों एवं चर्च में आने वाले पर्यटकों को ईशा मशीह और बाइबल को मानकर अन्य भगवान को छोड़ने की बात से कई सवाल उठने लगे हैं। उधर, कांगड़ा के वरिष्ठ  पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल का कहना है कि पुलिस हर पहलु  की छानबीन कर रही है। ऐसे लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App