मैदानों में आज-कल भारी बारिश

By: Jul 1st, 2018 12:01 am

विभाग ने जारी की चेतावनी, छह जुलाई तक प्रदेश में खराब रहेगा मौसम

शिमला— हिमाचल प्रदेश में जुलाई माह के पहले सप्ताह के दौरान मानसून रफ्तार पकड़ेगा। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों सहित शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन और सिरमौर जिला के एक-दो स्थानों पर रविवार और सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में छह जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि विभाग ने चार जुलाई तक राज्य के अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कांगड़ा व हमीरपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में  एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौसम विभाग की मानें तो मानसून के दस्तक देने से राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री कम हो गया है, जबकि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य ही बना हुआ है। शनिवार को डलहौजी, ऊना और चंबा के अधिकतम तापमान में दो डिग्री, बिलासपुर, केलांग, शिमला, धर्मशाला और भुंतर के अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। हमीरपुर, सोलन और कांगड़ा के तापमान में बीते रोज के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सर्वाधिक 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भराड़ी में 27, देहरा, गोपीपुर में 24, नुरपूर में 15, शिमला में 12, डलहौजी में 9, जुब्बड़हट्टी, ठियोग में 8, अर्की, मनाली में छह, तीसा में तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार, सोमवार को भारी बारिश होगी। समूचे राज्य में छह जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    23.5       15.7

सुंदरनगर  31.8       21.6

भुंतर       34.0      22.4

कल्पा     24.8       13.6

धर्मशाला  26.8      19.2

ऊना       37.4       24.8

नाहन      28.4       20.4

सोलन     28.0      20.0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App