संगड़ाह में पीडब्ल्यूडी के सात करोड़ गर्क

By: Jul 30th, 2018 12:10 am

संगड़ाह —बारिश व भू-स्खलन से लोक निर्माण विभाग मंडल संगड़ाह में गत माह से अब तक करीब सात करोड़ का नुकसान हो चुका है। डिवीजन के चारों उपमंडल के सहायक अभियंताओं द्वारा इस बारे भेजी गई रिपोर्ट को अधिशाषी अभियंता द्वारा अधीक्षण अभियंता कार्यालय को भेजा जा चुका है। जून माह के बाद इस महीने में क्षेत्र में भू-स्खलन से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ तथा 12, 13, 22, 23, 26 व 28 जुलाई को क्षेत्र की लगभग सभी मुख्य सड़कें काफी समय तक बंद रही। विभाग द्वारा मंडल के अंतर्गत आने वाली संगड़ाह-रेणुकाजी-नाहन, संगड़ाह-हरिपुरधार-चौपाल व हरिपुरधार-नौहराधार नामक मुख्य सड़कों पर हालांकि भू-स्खलन कुछ ही घंटों बाद यातायात बहाल किया जा चुका है, मगर इलाके की चौथी मुख्य सड़क संगड़ाह-पालर-राजगढ़ मार्ग पर रविवार को यातायात बहाल हो सका। इसके अलावा बुधवार मध्यरात्रि भारी बारिश से बंद हुई सड़कों में से संगड़ाह-अरट-शिवपुर, अंधेरी-राणफुआ, रेणुकाजी-कोटीधिमान व दनोई-खूड़ आदि सड़कों पर भी विभाग के अनुसार रविवार को यातायात बहाल हो चुका है। इलाके के आठ संपर्क मार्गों पर शनिवार को चौथे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो सका। संगड़ाह अस्पताल संपर्क मार्ग पर भी चार दिन से यातायात नहीं हो सका। हालांकि पंचायत उपप्रधान अनिल कुमार के अनुसार सोमवार तक उक्त मार्ग की सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके अलावा आईपीएच उपमंडल संगड़ाह में जहां विभाग को बरसात व भू-स्खलन से करीब 58 लाख नुकसान हुआ, वहीं शुक्रवार को हुए भू-स्खलन के चलते एसडीएम कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक क्षेत्र में करीब 14,41,000 की संपत्ति जमींदोज हुई। लोक निर्माण विभाग वृत्त नाहन अथवा जिला सिरमौर के संगड़ाह मंडल में बारिश से जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा अथवा जिला से लगभग आधा नुकसान विभाग को हुआ। विभाग के अधिशाषी अभियंता संगड़ाह केएल चौधरी ने बताया कि भू-स्खलन अथवा बारिश से अब तक मंडल की सड़कों पर करीब सात करोड़ का नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा कि भू-स्खलन से बंद सभी सड़कों पर यातायात बहाल करने के काम में आधा दर्जन जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App