सुक्खू के खिलाफ कोर्ट जाएंगे बावा

By: Jul 23rd, 2018 12:01 am

प्रदेश इंटक दर्ज करेगी मानहानि का केस, पद से हटाने को आवाज

ऊना – प्रदेश इंटक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ हाई कोर्ट जाने का ऐलान किया है। इंटक द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ मानहानि का दावा दर्ज करवाया जाएगा। यह बात ऊना में इंटक की राज्य स्तरीय बैठक में इंटक प्रदेश अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके से इंटक का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने के बाद इंटक द्वारा प्रदेश अध्यक्ष को दिए गए लीगल नोटिस का कोई भी जवाब नहीं मिला है। न ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा कोई माफी मांगी गई है, जिसके चलते अब इंटक ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति के बाद इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीवा रेड्डी को अवगत करवाया गया। हाईकमान से प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्ति असंवैधानिक करार दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष को पद से हटाने को लेकर भी इंटक आवाज बुलंद करेगी और राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इससे अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को हटाने का अधिकार राष्ट्र्रीय कांग्रेस अध्यक्ष को है, लेकिन इस मसले को अब हाईकमान के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश भर में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ माहौल है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों तक यदि प्रदेश अध्यक्ष को पद से नहीं हटाया गया, तो इंटक कार्यकर्ता पार्टी को अपना समर्थन देने में असमर्थ होंगे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश में प्रेरणा स्रोत हैं। खुले मंच से यदि वीरभद्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे हैं, तो इसमें कोई न कोई बड़ा कारण है। वीरभद्र सिंह चाहते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी और मजबूत हो। उधर, इंटक महासचिव जगत राम शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सुक्खू की मनमानी नहीं चलेगी। प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी के साथ नहीं हैं। इसके चलते मनमर्जी से ही पार्टी को कमजोर करने वाले निर्णय लिए जा रहे हैं, जबकि वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस को प्रदेश में मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह की मनमानी नहीं चलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीवा रेड्डी को कांग्रेस वर्किंग कमेटी में शामिल करने के लिए आभार जताया। बैठक में इंटक सचिव प्रेम लाल भाटिया, सीता राम सैणी आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App