होमगार्डों का भी कटे पीएफ

By: Jul 19th, 2018 12:01 am

भरवाईं — प्रदेश में तैनात हजारो होमगार्ड जवानों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व होमगार्ड के महानिदेशक से उम्मीद है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर इनकी 55 वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। यह बात चिंतपूर्णी में ऑल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता जोगिंद्र चौहडि़या ने कही। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान राज्य की सुरक्षा पंक्ति में दिन-रात लगे रहते हैं। जिन-जिन विभागों में जरूरत पड़ती है, वहां होमगार्ड जवानों को राज्य सरकार की ओर से तैनात किया जाता है, लेकिन जैसे ही विभागों की जरूरतें पूरी हुईं, तो जवानों को वहां से हटा दिया जाता है। इससे होमगार्ड जवानों को रोटी के लाले पड़ गए हैं। होमगार्ड जवान किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और जवानों ने कई अनमोल जानें आपदा की स्थिति में बचाई हैं। इसके साथ-साथ कानून व्यवस्था, ट्रेफिक कंट्रोल, कारागर विभाग, स्वास्थ्य विभाग, हिमाचल पथ परिवहन विभाग, राशन वितरण भंडारो, अंतराष्ट्रीय मेलों, सरकारी संस्थाओं व चुनावों में भी अपनी सेवाएं देते रहे हैं। जोगिंद्र चौहडि़या ने कहा कि हमारी मांग है कि होमगार्ड जवानों का भी पीएफ काटा जाए। बुढ़ापे में गुजारे के लिए पेंशन लगाई जाए। आईकार्ड की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। होमगार्ड विभाग साल के 365 दिन लगातार कार्य करता है, इसलिए होमगार्ड संगठन को अर्धसैनिक बल का स्वरूप दिया गया है, अब होमगार्ड जवानों को भी आधुनिक हथियारों से लैस करना अत्यधिक जरूरी है। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ होमगार्ड के जवान रमेश कुमार, तिलक राज, बाबू राम, किशोरी लाल, विक्रम सिंह सहित अन्य मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App