13 महीने से रात्रि भत्ता नहीं…

By: Jul 14th, 2018 12:01 am

परिवहन सर्व कर्मचारी यूनियन ने निगम प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा

शिमला — हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों का निगम के पास 350 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान देय है। कर्मचारियों को 13 महीनों से ओवर टाइम, रात्रि भत्ता, एरियर 21 फीसदी आईआर, तीन प्रतिशत डीए, पेंशन ग्रेच्युटी, कम्युटेशन, लीव, इन्केशमेंट, जीपीएफ, मेडिकल रिइम्बर्समेंट का भुगतान नहीं हो पाया है। कर्मचारियों की लंबित मांगों व बकाया भत्तों की अदायगी पर सरकार व निगम प्रबंधन का रवैया नकारात्मक है। इससे कर्मियों में भारी रोष है। हिमाचल परिवहन सर्व कर्मचारी यूनियन ने सरकार को चेताया है कि अगर समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ संघर्ष का बिंगुल फूक देंगे। हिमाचल परिवहन सर्व कर्मचारी यूनियन के महासचिव खेमेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि निगम प्रबंधन कर्मचारियों से कोई संवाद नहीं कर रहा। प्रदेश में नई सरकार बने सात माह का समय हो गया है, मगर परिवहन निगम व इसके कर्मचारिश्यों की समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय मांगों के अतिरिक्त अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करना, पीस मील में कार्य कर रहे कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध पर लाना, चालकों का पूर्व की तरह 9880 रुपए आरंभिक वेतन बहाल करना, प्रशिक्षित परिचालकों व आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन के लिए ठोस नीति बनाना, सभी श्रेणियों में पदोन्नतियां करना, निगम को रोडवेज बनाना, वैट लीज पर चल रही बसों को बंद करना, पेंशन के लिए प्रदेश सरकार के बजट में प्रावधान करना, पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, यात्री परिवहन का राष्ट्रीयकरण करना, निजी रूट परमिट देने पर पूर्ण रोक लगाना, घाटे के कारणों की जांच करवाना आदि अनेक मांगें हैं, जिन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App