24 घंटे एमआरआई -सीटी स्कैन की सुविधा

By: Jul 1st, 2018 12:05 am

चंबा  —अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा बालाजी अस्पताल अब चंबा की जनता को भी घर द्वार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। पिछड़े एवं पहाड़ी जिला चंबा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बालाजी अस्पताल ने शहर के परेल में एमआरआई व सीटी स्कैन की सुविधा देने की तैयारी पूरी कर ली है। बालाजी अस्पताल चंबा में लोगों को अगस्त के पहले सप्ताह में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना शुरू कर देगा। बालाजी अस्पताल कांगड़ा के एमडी डा.राजेश शर्मा ने  बताया कि हमारा मकसद शुरू से स्वास्थय सेवाओं में बेहतरीन करना रहा है। इसी लक्ष्य को देखते हुए चंबा जैसे दूरदराज के जिला में भी हम विस्तार के लिए आगे आए हैं।  डा. राजेश ने बताया कि श्री बालाजी अस्पताल कांगड़ा में चंबा से भी मरीज आते हैं उसी को ध्यान में रखते हुए हमने सोचा कि यहां की जनता को घरद्वार पर ही सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने बताया कि चंबा की कांगड़ा से दूरी ज्यादा होने के चलते मरीजों को कांगड़ा पहुंचने में  परेशानी आती है। अब एमआरआई व सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं चंबा में होने से उन्हें इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा। राजेश ने बताया कि श्री बालाजी अस्पताल का चंबा में खुलने जा रहा सेंटर जनता की सेवा में हर दिन 24 घंटे काम करता रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App