दो महिला खिलाड़ी बनीं हिमाचली
आठ वर्ष बाद मिला प्रमाण पत्र, शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में बने दस्तावेज
सोलन— राष्ट्र स्तर की दो महिला खिलाडि़यों को डुमैहर में आयोजित जनमंच कार्यक्रम सौगात लेकर आया। दोनों खिलाडि़यों को इस मंच में हिमाचली होने का गौरव प्राप्त हुआ। हॉकी व कुश्ती की दोनों खिलाडि़यों के इस कार्यक्रम में करीब आठ वर्ष बाद हिमाचली प्रमाण पत्र बने। जनमंच में कंडाघाट की रहने वाली पूनम तथा स्मृति रविवार को जन मंच कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री के पास अपनी समस्या लेकर पहुंची। उन्होंने मंत्री को अवगत करवाया कि वे दोनों हॉकी की राष्ट्रीय स्तर खिलाड़ी हैं और उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया है। उनका परिवार गत 40 वर्षों से कंडाघाट में रह रहा है और जन्म कंडाघाट में ही हुआ है, लेकिन सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने पर भी उनका हिमाचली प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा है। मंत्री सुरेश भारद्वाज ने समस्या प्राप्त होते ही कार्यकारी उपायुक्त सोलन एवं तहसीलदार कंडाघाट को इस संबंध में पूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्देश के अनुसार कार्यक्रम में जब इस संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई तो स्मृति तथा पूनम के हिमाचली प्रमाण पत्र बनाने के आवेदन को सही पाया गया। शिक्षा मंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूनम तथा स्मृति का हिमाचली प्रमाण पत्र बनवाया तथा दोनों मंच पर ही प्रमाण पत्र भेंट किए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App