अटल सा दूसरा कोई न होगा

By: Aug 23rd, 2018 12:09 am

प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वाजपेयी के निधन को बताया अपूर्णीय क्षति

शिमला— पूर्व प्रधानमंत्री की प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वाजपेयी को अपनी तथा प्रदेश के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। जय राम ठाकुर ने कहा कि वाजपेयी दूरदर्शी राजनेता थे, जो पार्टी राजनीति से ऊपर थे और उनका निधन देश तथा विशेषकर हिमाचल प्रदेश के लिए भारी क्षति है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के हृदय में हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए विशेष स्थान था और प्रदेश के लोग उनके द्वारा दिए गए प्यार व उदारता को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी हमेशा हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते थे और कुल्लू के प्रीणी में उनके अपना घर है। उन्होंने कहा कि जब भी वाजपेयी के पास अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय बचता था तो वे मनाली आते थे और यहां पर उन्हांने अनेक अविस्मरणीय कविताएं भी लिखीं।  जयराम ठाकुर ने कहा कि हालांकि अटल बिहारी वाजपेयी गत 10 वर्षों से सक्रिय नहीं थे परंतु उनकी सोच, विचार व मूल्य हमेशा ही देश के लोगों के साथ थे। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने स्वर्गीय वाजपेयी की अंतिम यात्रा में भाग लिया, जो  युवाओं के हृदय में उनके प्रति सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी एक प्रखर वक्ता थे तथा उन्होंने लोगों के हृदय पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी को अपने विचार कम से कम शब्दों में व्यक्त करने की भी योग्यता थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाहुल घाटी को शेष विश्व से जोड़ने के लिए रोहतांग सुरंग निर्माण का विचार वाजपेयी ने 1998 में दिया और 3 जून, 2000 उन्होंने इस परियोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और यह परियोजना वाजपेयी का प्रदेश के लोगों के लिए सबसे बड़ा उपहार है।  जयराम ठाकुर ने वाजपेयी के साथ अपने संस्मरणों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी एक सहृदय इंसान थे। उन्होंने कहा कि उनका निधन प्रदेश व देश के लिए अपूर्णीय क्षति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App