एंबुलेंस कर्मचारी कोर्ट में रखेंगे पक्ष

By: Aug 10th, 2018 12:01 am

फिलहाल हड़ताल जारी, कंपनी ने आज ज्वाइन करने के दिए निर्देश

शिमला — हिमाचल में 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल जारी है, जिसके चलते गुरुवार को भी राज्य में कई जगह पर व्यवस्था चरमराती दिखी। हड़ताल के कारण मरीजों व परिजनों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। हालांकि हाई कोर्ट ने हड़ताली कर्मचारियों को कार्य पर लौटने के आदेश दिए हैं, मगर कर्मचारियों ने अभी तक हड़ताल खत्म नहीं की है। कर्मचारियों ने गुरुवार को भी सचिवालय के समीप धरना-प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया। उनका आरोप है कि आश्वासन के बावजूद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। ऐसे में अपने हक के लिए उन्हें फिर से आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि वह शुक्रवार को कोर्ट में अपना पक्ष रखेंगे। कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद का कहना है कि उनकी हड़ताल जारी है। गुरुवार को कोई भी कर्मचारी कार्य पर नहीं लौटा है। कोर्ट में पक्ष रखने के बाद ही कर्मचारी यूनियन आगामी निर्णय लेगी।

साढ़े आठ बजे तक करें ज्वाइन

कंपनी के स्टेट हैड मेहुल सकुमारन का कहना है कि हड़ताली कर्मचारियों को शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक ज्वाइन करने को कहा गया है। अगर कर्मचारियों ने उस अवधि तक अपनी ज्वाइनिंग नहीं दी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों को निष्कासित भी किया जा सकता है। कर्मचारियों को एसएमएस व व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचित कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App