एथलेटिक्स-घुड़सवारी में चांदी, ब्रिज में कांसा

By: Aug 27th, 2018 12:08 am

400 मीटर दौड़ में हिमा दास-अनस को रजत

जकार्ता – भारतीय एथलेटिक्स की नई स्टार हिमा दास और मोहम्मद अनस ने 18वें एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत की पदक संख्या को आगे बढ़ाते हुए 400 मीटर दौड़ में रविवार को रजत पदक जीत लिए। विश्व जूनियर चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली 18 साल की हिमा ने शानदार प्रदर्शन किया और 50.79 सेकंड का समय लेकर रजत जीता। हिमा की कामयाबी के बाद अनस ने भी शानदार प्रदर्शन किया और पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत लिया। केरल के 23 वर्षीय अनस का एशियाई खेलों में यह पहला पदक है। अनस ने 45.69 सेकंड का समय लेकर रजत जीता।

दुती चंद को 100 मीटर में सिल्वर

जकार्ता— भारतीय महिला एथलीट दुती चंद ने 18वें एशियाई खेलों के आठवें दिन रविवार को 100 मीटर रेस में रजत पदक जीता। दुती ने फाइनल में 11.32 सेकंड के समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। दुती ने सेमीफाइनल में 11.43 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। बहरीन की इडिडोंग ओडियोंग ने 11.30 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की वेंगली योई ने 11.33 सेकंड के साथ कांसा अपने नाम किया। 18वें एशियाई खेलों में अब तक भारत के कुल पदकों की संख्या 36 है। सात गोल्ड, नौ सिल्वर और 20 ब्रांज मेडल के साथ भारत पदक तालिका में 9वें स्थान पर है।

घुड़सवारी में दो रजत

जकार्ता – भारत ने 18वें एशियाई खेलों की घुड़सवारी प्रतियोगिता में रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए जंपिंग व्यक्तिगत और टीम मुकाबलों में दो रजत पदक हासिल कर लिए। फवाद मिर्जा ने जंपिंग फाइनल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत जीता, जबकि मिर्जा, राकेश कुमार, आशीष मलिक और जितेंदर सिंह ने जंपिंग फाइनल टीम स्पर्धा का रजत जीता। मिर्जा ने सेनोर मेडिकोट नाम के घोड़े के साथ फाइनल में 26.40 सेकंड में अपनी स्पर्धा को पूरा कर दूसरा स्थान हासिल किया और देश को रजत दिलाया। भारत ने टीम स्पर्धा में भी दूसरा स्थान हासिल किया। मिर्जा, राकेश कुमार, आशीष मलिक और जितेंद्र सिंह की टीम ने 121.30 सेकेंड के साथ रजत जीता। जापान ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी जीता। जापान की टीम ने 82.40 सेकेंड का समय लिया जबकि थाईलैंड ने 126.70 सेकेंड का समय लेकर कांस्य अपने नाम किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App