गालंग नाला के पास दरकी पहाड़ी

By: Aug 20th, 2018 12:10 am

मनाली —पिछलीहाल पंचायत के गालंग नाला के समीप पहाड़ी के दरक जाने से फोजल से काथीकुकड़ी सड़क का निर्माण कार्य रुक गया है। पहाड़ी के टूट से जहां ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पहाड़ी के मलबे की भेंट एक जेसीबी मशीन भी चढ़ गई है। हालांकि इस घटना में किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मौसम में आए बदलाव व बरसात के सक्रिय हो जाने से जिला के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है और यहां भू-स्खलन की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। इस फेहरिस्त में पिछलीहाल पंचायत के गालंग नाला के समीप अब पहाड़ी दरकी है। ग्राम पंचायत प्रधान कालू राम का कहना है कि पहाड़ी के दरकने से फोजल-काथीकुकड़ी सड़क का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी से टूटी चट्टाने रिहायशी क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर गिरी हैं। ऐसे में ग्रामीण भी डरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने प्रशासन को दे दी है। खराब मौसम के कारण जिला में पिछले कुछ समय से बादल फटने व पहाडि़यों के दरकने की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फोजल से काथीकुकड़ी बन रही सड़क के निर्माण कार्य पर पहाड़ी के दरक जाने से ब्रेक लग गई है। प्रधान कालू राम का कहना है बरसात के दिनों में जहां भू-स्खलन का खतरा बना रहता है, वहीं घाटी में सेब सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में पहाड़ी के दरक जाने से सेब सीजन भी प्रभावित हो गया है। उन्होंने बातया कि पहाड़ी के मलबे में 25 सेब के क्रेट भी दब गए हैं और यहां रखा सड़क निर्माण कंपनी की मशीनरी भी नष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि अभी भी उक्त पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का दौर जारी है। बहरहाल गालंग नाला के समीप पहाड़ी के दरक जाने से ग्रामीणों के दिलों में दहशत का माहौल है। जिला में बरसात लगातार लोगों पर कहर बरपा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App