चार दिन की तनातनी के बाद सदन में गूंजे ठहाके

By: Aug 30th, 2018 12:02 am

शिमला— लगातार चार दिन के वाकआउट की तनातनी के बाद बुधवार को विधानसभा के मानसून सत्र में सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। सत्र के पांचवें दिन ओबीसी आरक्षण पर सदन में ठहाकों की गूंज भी सुनने को मिली। विधायक रमेश धवाला ने अपने ही अंदाज में सवाल उठाते हुए कहा कि ओबीसी के बारे में सरकार को सोचना होगा, वरना यह प्रजाति विलुप्त हो जाएगी। यह सुनकर सदन में जोरदार ठहाके लगने शुरू हो गए। यह क्रम यही नहीं रुका और सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि यह प्रजाति बहुत मेहनतकश है, कभी विलुप्त नहीं हो सकती। सदन के बाहर मंच के दौरान भी ओबीसी प्रजाति के इस शब्द पर खूब चर्चा रही।  सदन में धोनी की सुरक्षा पर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री ने तल्खी दिखाते हुए विपक्ष को बंद डिब्बे से बाहर आकर अपनी सोच बदलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को सुरक्षा देना राज्य सरकार का दायित्व है। इसी कारण उन्हें स्टेट गेस्ट घोषित किया है। हालांकि धोनी की शूटिंग का सारा खर्चा निजी कंपनी उठा रही है। मुख्यमंत्री ने पर्यटन नीति की चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि भुंतर एयरपोर्ट की हवाई पट्टी का ब्यास नदी पर विस्तारीकरण कर बड़े जहाजों की लैंडिंग होगी। इसके लिए भारत सरकार विशेषज्ञ दल हिमाचल भेज रही है। कांगड़ा की हवाई पट्टी का विस्तारीकरण कर मध्यम विमान उतारने का प्रयास है। हिमाचल के शहरों को भीड़ से निजात दिलाने के लिए सरकार रोप-वे को बढ़ावा देगी। स्नो प्वाइंट चिन्हित कर पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। हिमाचल के जलाशयों में पर्यटन की संभावनाएं तलाश की जाएगी।  बताते चलें कि  विपक्ष इससे पहले चार दिनों तक लगातार किसी न  किसी मुद्दे पर वाक आउट करता रहा परंतु बुधवार को सदन में ऐसी स्थिति नहीं बनी। यहां प्रश्नकाल भी सामान्य रूप से चला वहीं कई महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा भी हुई। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बुधवार को सदन में मौजूद थे, जो कि दिल्ली से सुबह ही लौटे थे। प्रश्नकाल के बाद सदन में पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पर्यटन नीति पर अपना जवाब दिया जिसपर सोमवार को विधायकों ने चर्चा की थी। पर्यटन नीति पर चर्चा के दौरान ही भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान .धोनी को स्टेट गेस्ट बनाए जाने का मुद्दा भी उठ गया जिस पर कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के एक बयान को लेकर मुख्यमंत्री ने अपनी नाराजगी जताई


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App