छह साल बाद ओकओवर पहुंचे धूमल

By: Aug 1st, 2018 12:03 am

डिनर डिप्लोमेसी के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से डेढ़ घंटा मंत्रणा

शिमला— छह साल बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सीएम के सरकारी आवास ओकओवर पहुंचे। इस दौरान आयोजित डिनर डिप्लोमेसी के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल के बीच डेढ़ घंटा गुप्त मंत्रणा हुई। खास यह है कि दो दिग्गजों की ओकओवर में हुई इस डिनर डिप्लोमेसी की बाहर किसी को कानो-कान खबर नहीं दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री सोमवार रात नौ बजे ओकओवर पहुंचे। इसके चलते आठ बजे के बाद सीएम आवास में किसी भी नेता या अधिकारी को एप्वाइंटमेंट नहीं दी गई थी। मुख्यमंत्री के परिवार के साथ रात्रि भोज लेने के बाद दोनों नेताओं में डेढ़ घंटे तक गहन चर्चा हुई। बताते चलें कि पूर्व मुख्यमंत्री सोमवार को ही शिमला पहुंचे थे और मुख्यमंत्री के साथ ओकओवर में मंत्रणा के बाद अगली सुबह हमीरपुर लौट गए। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनावों और सरकार में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई है। इसके अलावा मीडिया में बार-बार आ रहे प्रदेशाध्यक्ष ताजपोशी का मुद्दा भी डिनर डिप्लोमेसी में उठा है। राजनीतिक प्रतिशोध के चलते सांसद अनुराग ठाकुर के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों की चर्चा भी बैठक में होने की सूचना है। जाहिर है कि सात महीने पहले सरकार ने सत्ता में काबिज होते ही यह ऐलान किया था कि राजनीतिक द्वेष भावना के चलते भाजपा नेताओं के विरुद्ध दर्ज मामले वापस होंगे। बावजूद इसके गृह विभाग से इन मामलों की फाइल आगे नहीं सरक पाई है। इसके अलावा एचपीसीए मामले में भी सहकारिता विभाग सात माह से फाइल को दबाकर बैठा है। इसके चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री की डेढ़ घंटे तक चली बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा होना स्वभाविक है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App