ट्रैक्टर लुढ़का…चालक हुआ घायल

By: Aug 31st, 2018 12:11 am

 भरमौर —उपमंडल के रहनूकोठी संपर्क मार्ग पर एक ट्रैक्टर के खाई में गिरने के दौरान लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए भरमौर अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में मारे गए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी के शव का सिविल अस्पताल भरमौर में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से एडीएम पीपी सिंह ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपए की फौरी राहत भी प्रदान कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद रहनूकोठी संपर्क मार्ग पर बेडनू के पास एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी चमनलाल पुत्र वलिया राम वासी गांव जगत पर जा गिरा। परिणामस्वरूप चमनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक रणजीत सिंह वासी गांव गढ़ घायल हो गया।  इसी बीच दुर्घटना की सूचना पाते ही भरमौर पुलिस थाना से एक टीम ने मौके पर पहंुचकर स्थिति का जायजा लेने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भरमौर भिजवाया। पुलिस ने आरंभिक जांच के आधार पर इस संदर्भ में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279,337 व 304ए के तहत मामला दर्ज किया है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटंुगरू ने रहनूकोठी मार्ग पर एक ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होकर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी पर आ गिरने से मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भरमौर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App