दो मकान-दो गोशालाएं ध्वस्त

By: Aug 8th, 2018 12:07 am

सुजानपुर – लगातार हो रही बारिश से सुजानपुर में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार को सुजानपुर वार्ड नंबर नौ में आशीष कुमार के रिहायशी मकान की दीवारें गिर गईं। मौके पर ही तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया, वार्ड पार्षद रेनू गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। वहीं, दूसरी घटना मंगलवार सुबह की है, जहां उपमंडल सुजानपुर की पंचायत जंदडू के ग्राम सुखानी में एक पशुशाला बारिश की भेंट चढ़ गई। गनीमत यह रही कि समय रहते पशुशाला में बंधे पशु बाहर निकाल लिए गए, लेकिन पशुशाला गिरने से पशुशाला मालिक सरिता देवी को करीब 30 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा सुजानपुर उपमंडल के सभी मार्गों पर छोटे ल्हासे गिरने की सूचना मिल रही है, लेकिन विभागीय मशीनरी 24 घंटे सभी मार्गों पर उपलब्ध होने के चलते यातायात सुविधा लगातार चल रही है। सुजानपुर शहर में विशेष तौर पर बस स्टैंड पर इस बारिश ने खूब कहर मचाया है, जिससे आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App