नशे के खिलाफ आज चंडीगढ़ में महाबैठक

By: Aug 20th, 2018 12:08 am

जयराम ठाकुर की मुहिम लाई रंग, हिमाचल समेत चार राज्य बनाएंगे संयुक्त रणनीति

शिमला  – नशे के खिलाफ बड़े संयुक्त अभियान के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयास रंग लाए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के आग्रह पर सोमवार को चंडीगढ़ में चार राज्यों की नशे के खिलाफ बैठक बुलाई गई है। इसमें हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी। इस दौरान चारों राज्यों के मुख्य सचिव, डीजीपी और गृह विभाग के सचिव मौजूद रहेंगे। इसमें राजस्थान सरकार के भी उच्च अधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक में हिमाचल प्रदेश में परोसे जा रहे नशे के विरुद्ध ठोस रणनीति बनेगी। इसमें हिमाचल सरकार अपना पक्ष मजबूती से रखेगी कि राज्य में पड़ोसी प्रदेशों की सीमाओं से चिट्टा तथा जानलेवा नशा भेजा जा रहा है। इस आधार पर हिमाचल से सटे तीनों राज्यों की सीमाओं पर नशे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू होगा। बताते चलें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल में नशे के विरुद्ध अभियान शुरू करने के लिए उच्च अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। मार्च माह में मुख्यमंत्री ने नशे की आपूर्ति और इसके आदी बन चुकी युवा पीढ़ी के इस गर्त में जाने के कारणों का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों से सर्वे करवाया है। इस दौरान खुलासा हुआ है कि हिमाचल में नशे का कारोबार हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमाओं से परोसा जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड से भी नशे के कारोबारी सक्रिय हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के अनुसार हिमाचल में नशे का जाल फैलाने के लिए शिक्षण संस्थानों को टारगेट किया गया है। इस जानलेवा धंधे में 16 से 25 साल के युवाओं को टारगेट किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों के साथ यह मामला प्रमुखता से उठाया। जयराम ठाकुर ने सभी मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर नशे के खिलाफ एक संयुक्त बैठक का भी सुझाव दिया था। इसके बाद उक्त राज्यों के मुख्यमंत्रियों से दूरभाष पर इस मामले पर विस्तार से चर्चा कर जल्द बैठक का आग्रह किया। सूचना के अनुसार दिल्ली प्रवास के दौरान हिमाचल लौटने से पहले मुख्यमंत्री की हरियाणा तथा पंजाब के सीएम से दोबारा इस मसले पर चर्चा हुई है। इस आधार पर यह बैठक 20 अगस्त, 2018 को चंडीगढ़ में बुलाई गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App