नूरपुर पुलिस ने दिल्ली में दबोचे ठग

By: Aug 31st, 2018 12:10 am

नूरपुर, जसूर —पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले चार लोगों को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। घटना नूरपुर थाना के तहत क्षेत्र की है। नूरपुर थाना में 80 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज हुआ है।  पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चार सालों तक आरोपी शिकायतकर्ता को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठते रहे। आरोपियों ने पहले पूर्व अधिशाषी अभियंता को टारगेट बनाकर अपने जाल में फंसाया और बाद में ब्लैक मेलिंग शुरू कर दी। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी साहिल अरोड़ा ने बताया कि आरोपी पिछले चार साल से पूर्व अधिशाषी अभियंता को टारगेट बनाकर ठग रहे थे, जिसके बाद पूर्व अधिशाषी अभियंता भूपिंद्र किशोर राम पाल ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम एसआई अजित सिंह के नेतृत्व में दिल्ली भेजी। वहीं, चार दिन बाद पुलिस टीम ने आरोपियों अभिषेक विरमानी, रोहित रॉय, ईशान व विवेक रॉय को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि आरोपी पिछले चार साल से पूर्व अधिशाषी अभियंता को टारगेट बनाकर ठग रहे थे। आरोपी कभी खुद को आयकर विभाग के अधिकारी बताते थे, तो कभी दिल्ली पुलिस के अधिकारी बनकर ठगी करते थे। वही, आरोपियों ने पहले भी कई जगह ऐसी ही ठगियां की हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी हैं। आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App