पहली से बैंक बनेंगे डाकघर

By: Aug 30th, 2018 12:04 am

नई दिल्ली— प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली सितंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) की शुरुआत करेंगे। उसी दिन देश भर में इसकी 650 शाखाओं और 3250 सेवा केंद्रों (डाकघरों) में बैंकिंग सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। श्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आईपीपीबी के लिए प्रौद्योगिकी तथा मानव संसाधन विकास के मद में 635 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। पहले इसके लिए 800 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे, जो अब बढ़कर 1435 करोड़ रुपए हो गए हैं। संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल 31 दिसंबर तक देश के सभी एक लाख 55 हजार डाकघरों को सेवा केंद्रों के रूप में आईपीपीबी से जोड़ दिया जाएगा। इस काम को पूरा करने की समय अवधि घटाने के कारण 635 करोड़ रुपए के अतिरिक्त राशि की आवश्यकता हुई है, जिसमें 400 करोड़ रुपए प्रौद्योगिकी विकास के लिए तथा 235 करोड़ रुपए मानव संसाधन विकास के लिए दिए जाएंगे। पहले आईपीपीबी की शुरुआत 21 अगस्त को होनी तय थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण राष्ट्रीय शोक की घोषणा के बाद इसे टाल दिया गया था। ये कार्यक्रम दोपहर बाद 2.15 बजे शुरू होंगे। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम को प्रधानमंत्री 3.15 बजे संबोधित करेंगे। इसका सभी 3900 केंद्रों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री का संबोधन करीब डेढ़ घंटे चलेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक देश में सर्वाधिक पहुंच वाला, किफायती और भरोसेमंद बैंक होगा। भारतीय डाक के एक लाख 55 हजार डाकघरों में से एक लाख 30 हजार ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। गांवों में अब तक बैंकों की शाखाएं महज 49 हजार हैं। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को प्राप्त करना है। वित्तीय समावेशन के साथ इसके माध्यम से ग्रामीण इलाकों में वित्तीय शिक्षा कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App