पूर्व सीएम से नगर परिषद अधिकारी की शिकायत

By: Aug 20th, 2018 12:10 am

सुजानपुर -पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को सुजानपुर शहर में बारिश से प्रभावित वार्डों का दौरा किया। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द जाना। दोपहर करीब 12 बजे सुजानपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री को सबसे पहले सुजानपुर हमीरपुर मुख्य मार्ग डोली में लोगों ने सड़क पर रोक लिया। विशेष रूप से वहां पर उपस्थित महिलाओं ने बारिश से हुए नुकसान को लेकर उनसे बातचीत की। उन्होंने उनके  दुख दर्द को अपना समझते हुए बीच सड़क में ही अपना काफिला रुकवाया। मौके पर वार्ड नंबर पांच और छह के लोगों ने बताया कि  नगर परिषद सुजानपुर ने पुख्ता प्रबंध न करते हुए  उनके घरों में बारिश का पानी पहुंचा है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री बारिश प्रभावित वार्ड नंबर आठ में पहुंचे। उन्होंने वार्ड में लोगों से मुलाकात की। लोगों ने भी अपने  नेता को संबंधित नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। हालांकि नुकसान से प्रभावित लोगों का गुस्सा नगर परिषद को लेकर था। शहर में जहां-जहां पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे, वहां पर लोगों ने नगर परिषद अधिकारी को लेकर शिकायत उनके पास रखी। पूर्व मुख्यमंत्री को नगर परिषद अधिकारी के खिलाफ  दर्जनों शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अधिकारी को लेकर उनके पास शिकायतें आई हैं। संबंधित वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित पूरी टीम को अपने-अपने वार्ड में नुकसान को लेकर संबंधित रिपोर्ट बनाकर उपमंडलाधिकारी को देने को कहा है, ताकि सरकार से बारिश प्रभावित एवं इस वार्ड आठ के नाले के लिए चरणबद्ध तरीके से योजना तैयार करवाई जा सके। पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्राम गृह सुजानपुर में पहुंचकर वहां पर पहुंची जनता से मुलाकात की।  सुजानपुर में पानी की किल्लत को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि शहर में बरसात के दिनों में ही पानी की समस्या उत्पन्न हुई है। इसे शीघ्र-अतिशीघ्र हल करवाया जाए। इस  मौके पर उपमंडलाधिकारी सुजानपुर शिवदेव सिंह, तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया, सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह,  मंडी समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा, जौनपुर भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष सुमन महाजन, भाजपा मंडल महामंत्री अनिल चंदेल, अंकुश गुप्ता, शहरी इकाई महासचिव सुधीर भटनागर, नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी, पार्षद अशोक मेहरा, ज्योति शर्मा, भाजपा नेता डा. प्रताप ठाकुर, जगन कटोच आदि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App