फैक्टरी मालिक पर जानलेवा हमला   

By: Aug 25th, 2018 12:05 am

गगरेट – विकास खंड गगरेट के ओयल गांव में स्थित आइस फैक्टरी के मालिक पर जानलेवा हमला करके हमलावर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह एक कुल्फीवाला जब फैक्टरी में बर्फ लेने गया तो फैक्टरी के मालिक जसवंत सिंह को फैक्टरी के बरामदे में अचेत अवस्था में गिरे हुए पाया। जसवंत सिंह को सिविल अस्पताल गगरेट भर्ती करवाया गया लेकिन सायं तक होश न आने के चलते उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। फैक्टरी में कार्यरत एक कर्मचारी भी फरार है। गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इसे रंजिश का मामला मान कर चल रही है। पुलिस की अब की  तफ्तीश में सामने आया है कि होशियारपुर जिले के मंगूवाल गांव का सोनू नामक व्यक्ति इस फैक्टरी में काम करता था, लेकिन शुक्रवार सुबह से ही वह भी फैक्टरी से गायब पाया गया। जसवंत सिंह को अभी होश नहीं आया है इसके चलते यह पता नहीं चल पाया है कि उन पर हमला करने के पीछे क्या कारण रहा। जसवंत सिंह पर किसी डंडे से प्रहार किया गया प्रतीत हो रहा है। पुलिस मान कर चल रही है कि इस वारदात के पीछे सोनू का हाथ हो सकता है। जसवंत सिंह को सिविल अस्पताल गगरेट में प्राथमिक उपचार तो उपलब्ध करवा दिया गया, लेकिन उसे होश न आने के चलते अभी तक जसवंत सिंह खतरे से बाहर नहीं लग रहा है। हालांकि डाक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया है। इस वारदात के बाद ओयलवासी भी सकते में हैं। डीएसपी, मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस जसवंत सिंह के होश में आने का इंतजार कर रही है और इसके साथ ही फैक्टरी से गायब सोनू की भी तलाश की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App