बायोफ्यूल से प्लेन उड़ा इतिहास रचेगा भारत

By: Aug 24th, 2018 9:02 pm

नई दिल्ली- भारत की एविएशन इंडस्ट्री के लिए सोमवार, 27 अगस्त का दिन बेहद खास होगा। इसकी वजह है बायोफ्यूल से उड़ने वाला प्लेन। दरअसल, सोमवार को भारत उन देशों के खास ग्रुप में शामिल हो सकता है, जिन्होंने बायोफ्यूल से किसी प्लेन को उड़ाया है। मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को स्पाइसजेट की एक फ्लाइट बायोफ्यूल की मदद से देहरादून से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। अब तक कनाडा, आस्ट्रेलिया और अमरीका जैसे विकसित देश ऐसा कर चुके है, लेकिन विकासशील  देशों में यह कारनामा करने वाला भारत पहला देश होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को सबसे पहले देहरादून के ऊपर 10 मिनट तक फ्लाइट उड़ाई जाएगी। फिर अगर नतीजे सकारात्मक रहे तो फ्लाइट को दिल्ली लेकर जाया जाएगा। फ्लाइट टेस्ट के वक्त डीजीसीए, सिविल एविएशन मिनिस्ट्री और एयरलाइंस के सीनियर लोग भी मौजूद होंगे। बता दें कि इस साल की शुरुआत में ही दुनिया की पहली बायोफ्यूल फ्लाइट ने लॉस एंजेलस से मेलबॉर्न के लिए उड़ान भरी थी। दरअसल, भारत तेल आयात पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है। पीएम मोदी ने भी हाल ही में नेशनल पॉलिसी फॉर बायोफ्यूल-2018 जारी की थी। इसमें आने वाले चार सालों में एथेनॉल के प्रोडक्शन को तीन गुना बढ़ाने का लक्ष्य है। अगर ऐसा होता है तो तेल आयात के खर्च में 12 हजार करोड़ रुपए तक बचाए जा सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App