बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना एक जुमला

By: Aug 13th, 2018 12:05 am

सराहां —केंद्र सरकार की योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एकदम जुमला साबित हो रही है। देश में रोज महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। कहीं महिलाओं को जिंदा जलाया जा रहा है तो कहीं रेप व हत्याएं की जा रही हैं। यह बात पच्छाद के पूर्व विधायक गंगूराम मुसाफिर ने सराहां में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। मुसाफिर ने कहा कि हिंदुस्तान में महिलाएं बिल्कुल असुरक्षित हैं, बल्कि एक सर्वे के अनुसार महिलाओं के लिए हिंदुस्तान सबसे डेंजरस देश घोषित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिंदुस्तान में राम राज्य करवाने का वादा भी किया था वो भी जुमला ही साबित हुआ। देश की जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। मुसाफिर ने नारग कालेज को लेकर कहा कि नारग में कांग्रेस ने कालेज खुलवाया था, लेकिन अब भाजपा सरकार नारग कालेज को लेकर बिलकुल भी गंभीर नहीं है। उन्होंने भाजपा विधायक पर नारग कालेज में जान-बूझकर कालेज को स्टाफ न देने का आरोप लगाया है। मुसाफिर ने कहा कि नारग कालेज में 26 लड़कियों व छह लड़कों ने दाखिला लिया है, जबकि स्टाफ न होने के कारण उनका भविष्य खराब हो रहा है। मुसाफिर ने कहा कि नारग कालेज स्टॉफ को लेकर वह पूरी तरह गंभीर हैं व इसके लिए अपनी पार्टी व कालेज संघर्ष समिति के साथ संघर्ष जारी रखेंगे। मुसाफिर ने कहा कि पच्छाद में सड़कों का बुरा हाल है। स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराई हुई हैं। नकदी फसलों के कम रेट से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही किसानों की सुध ले, ताकि किसान कर्जमुक्त हो सके। इससे पहले पच्छाद ब्लॉक महिला कांग्रेस की बैठक हुई, जिसमें महिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। सीमा अत्री को ब्लॉक अध्यक्ष, मीरा तोमर, संतोष व मीना को उपाध्यक्ष, पूनम ठाकुर, सुरिया शर्मा, किरण बाला, शिशु देवी को महासचिव, उषा सूद व किन्नौरी देवी को कोषाध्यक्ष, उषा तोमर व मधु को प्रवक्ता, रानी व ममता को सचिव नियुक्त किया गया। इस मौके पर सूरत राम रावल, राजेश ठाकुर, सुरति चौहान, श्याम लाल, राजेंद्र भारद्वाज के अलावा दर्जनों लोग मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App